पूरनपुर। गांव सुल्तानपुर के समीप खेतों की ओर से पीछा करते आए बाघ ने गोशाला के समीप छुट्टा पशु को मार डाला। बाघ की आहट से गोशाला में बंधे पशुओं में भगदड़ मच गई। केयरटेकर की सूचना पर जुटे ग्रामीणों ने शोर-शराबा किया तो बाघ खेतों की ओर चला गया। क्षेत्र में दो माह से बाघ की मौजूदगी से लोगों में दहशत है।
ग्रामीणों ने बताया कि खेतों में घूम रहे बाघ ने छुट्टा पशु को दौड़ाया तो बचने के लिए छुट्टा पशु गोशाला की ओर भागा। गोशाला की बाड़ की वजह से वह अंदर नहीं जा पाया। पीछा कर रहे बाघ ने उसे गोशाला के समीप गांव निवासी आलोक गुप्ता के खेत में मार डाला।
केयरटेकर जयकरन ने इसकी सूचना प्रधान जगबत्ता देवी के पति उमाशंकर को कॉल करके दी। लाठी-डंडे लेकर ग्रामीण गोशाला की ओर गए। पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। भीड़ के शोर-शराबा करने पर बाघ खेतों की ओर चला गया। इससे पहले शुक्रवार को दिन में गांव के समीप खेत में बैठे बाघ को देखकर लोगों ने शोर-शराबा किया। कई लोग शोर करते हुए बाघ के पीछे भागे। तब बाघ गन्ने के खेत में चला गया।
ग्रामीण उमाशंकर ने बताया कि बाघ करीब दो महीने से गांव के आसपास चहलकदमी कर रहा है। बाघ की दहशत से किसान खेतों की ओर जाने से डर रहे हैं। खुटार रेंजर मनोज कुमार ने बताया कि टीम को गांव भेजा गया है। गांव माती में पिंजरा भी लगाया गया, मगर बाघ उसमें नहीं फंसा। लोगों से सतर्क रहने के लिए कहा गया है।