पीलीभीत। अलीगढ़ समेत अन्य जनपदों में फसलों पर कहर बरपाने के बाद टिड्डी दल के पीलीभीत पहुंचने की संभावना दो दिन पहले से जताई जा रही है। कृषि विभाग ने शनिवार को अलर्ट भी जारी किया था। हालांकि, रविवार को टिड्डी दल तराई क्षेत्र में नहीं पहुंचा। ऐसे में टिड्डी दल से निपटने की तैयारियों की समीक्षा की गई।
डीएम वैभव श्रीवास्तव के निर्देश पर टिड्डी दल के निपटने की तैयारियों की हकीकत जानने को रविवार को सीडीओ श्रीनिवास मिश्र की देखरेख में एलएच शुगर मिल में मॉकड्रिल का आयोजन किया गया। पांच ट्रैक्टर चालित माउंटेड स्प्रेयर और एक फायर ब्रिगेड की गाड़ी मौके पर पहुंची। कुछ जागरूक किसान भी मॉकड्रिल में पहुंचे। स्प्रेयर के माध्यम से टिड्डी दल को भगाने का प्रदर्शन किया गया। मॉकड्रिल के बाद सीडीओ ने टिड्डी नियंत्रण की तैयारियों की समीक्षा की। जिला गन्ना अधिकारी जितेंद्र मिश्र ने बताया कि किसानों के पास 150 ट्रैक्टर चालित माउंटेड स्प्रेयर हैं। टिड्डी नियंत्रण के उपाय के लिए पंफलेट बांटे जा रहे हैं। उप कृषि निदेशक यशराज सिंह ने बताया कि न्याय पंचायत और ग्राम पंचायत स्तर पर प्रचार प्रसार तथा निगरानी के लिए ड्यूटी लगाई गई है। लगातार निगरानी की जा रही है। टिड्डी नियंत्रण के लिए रसायन की कोई कमी नहीं है। जिला कृषि रक्षा अधिकारी डॉ. मुकेश कुमार ने बताया कि टिड्डी दल को खेतों में न बैठने दें। इसके नियंत्रण के लिए क्लोरपीरिफॉस 20 ईसी, डेल्टामथ्रीन 2 ईसी और मेलाथियान 50 ईसी के रसायनों का छिड़काव करें। बताया कि टिड्डी दल हमेशा हवा की दिशा में उड़ान भरते हैं। इस मौके पर एलएच चीनी मिल के जीएम समेत कृषि विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
जिला कृषि रक्षा अधिकारी को दें टिड्डी दल की सूचना
डिप्टी डायरेक्टर कृषि यशराज सिंह ने बताया कि यदि टिड्डी दल की सूचना मिलती है तो जिला कृषि रक्षा अधिकारी के मोबाइल नंबर 9411903688 पर सूचना दें।