पीलीभीत के बीसलपुर निवासी तीन छात्र अपने परिजनों को बिना बताए अयोध्या घूमने चले गए। अपने फोन भी बंद कर लिए। छात्रों का पता नहीं चलने पर उनके परिजनों ने गुमशुदगी दर्ज कराई। पुलिस ने सोमवार रात तीनों छात्रों को तलाश कर लिया।
पीलीभीत के बीसलपुर से 27 नवंबर को लापता हुए तीन छात्रों को पुलिस ने बरेली से बरामद कर लिया। छात्रों ने परिजनों को बताए बगैर घूमने चले जाने की बात कही है। तीनों अयोध्या घूमने गए थे। छात्रों के मिलने पर उनके परिजनों के चेहरे पर मुस्कान लौट आई।
विज्ञापन
कस्बा के मोहल्ला रामनगर निवासी तीन छात्र 27 नवंबर को अपने परिजनों को बिना बताए घूमने चले गए। उन्होंने अपने मोबाइल फोन भी बंद कर लिए। इनमें दो छात्र नगर के एक इंटर कॉलेज और एक अन्य बरेली के कॉलेज में पढ़ता है। तीनों छात्र कक्षा 10 में पढ़ते हैं।
परिजनों ने दर्ज कराई थी गुमशुदगी
छात्रों के लापता हो जाने के बाद उनके परिजनों ने सभी संभावित स्थानों पर तलाश किया, लेकिन कोई पता नहीं चला। इसके बाद परिजनों ने कोतवाली में गुमशुदगी दर्ज करा दी। कोतवाली पुलिस ने सूचना के आधार पर सोमवार रात तीनों छात्रों को बरेली में रेलवे स्टेशन के पास से बरामद कर लिया।
विज्ञापन
इसके बाद पुलिस तीनों को कोतवाली ले आई। सूचना मिलते ही परिजन भी कोतवाली पहुंच गए। तीनों छात्रों ने पुलिस और परिजनों को बताया कि वे लोग लखनऊ होकर अयोध्या घूमने गए थे। कोतवाल संजीव शुक्ला ने बताया कि तीनों छात्रों को उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है।