पीलीभीत के गांव सेल्हा में सेप्टिक टैंक में दम घुटने से दंपती समेत तीन की मौत मामले में जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह बृहस्पतिवार को पीड़ित परिवारों से मिलने गांव पहुंचे। परिजनों को ढाढ़स बंधाया। पीड़ित परिजनों को 13 लाख रुपये की आर्थिक सहायता मुहैया कराई गई है। मृतक दंपती की दो बेटियों को प्रतिमाह ढाई-ढाई हजार रुपये की मदद भी मिलेगी।
माधोटांडा क्षेत्र के गांव सेल्हा निवासी प्रहलाद मंडल (60 वर्ष) ने कुछ दिन पूर्व घर के बाहरी हिस्से में शौचालय का निर्माण कराया था। सेप्टिक टैंक का आकार छोटा होने के कारण दिक्कत आने लगी। यह देख प्रहलाद ने पास में ही करीब आठ फुट गहराई में गड्ढा खोदकर नए टैंक का निर्माण शुरू कराया था। अधिकांश कार्य पूरा हो चुका था।
यह भी पढ़ें- पीलीभीत में बड़ा हादसा: सीवर टैंक में सफाई करने उतरे दंपती समेत तीन की मौत, गांव में मचा कोहराम
बुधवार को प्रल्हाद अपनी पुत्री तनु विश्वास (32) और तनु के पति कार्तिक विश्वास (40) के साथ शेष कार्य को पूरा करने के लिए स्लैब हटाकर टैंक के अंदर घुसे। कार्य के दौरान किसी तरह पास में बने पुराने टैंक से गैस का रिसाव हो गया। तीनों बाहर नहीं निकल पाए। गहराई अधिक होने से दम घुटने से तीनों की मौत हो गई थी। हादसे से गांव में कोहराम मच गया।