तीन दिन के अवकाश के बाद मंगलवार को बैंकें तो खुली लेकिन अधिकांश कैश लेस रहीं। नकदी न मिलने से लोग परेशान रहे। इससे नाराज लोगों ने कई जगह प्रदर्शन भी किया। शनिवार से बंद चल रही बैंकों के ताले मंगलवार को खुले। सुबह से ही लोग लाइन में लग गए लेकिन शाखा प्रबंधकों ने हाथ खड़े कर दिये। हालांकि शहर के लगभग सभी एटीएम से धनराशि निकली। हां लोगों को लंबी लाइन में लगना पड़ा। स्टेडियम रोड पर ओरियंटल बैंक, एचडीएफसी बैंक, एसबीआई सिटी, आईसीआईसीआई बैंक के एटीएम पर लगी कतारें शाम तक देखीं गई।
गजरौला। आसाम रोड पर स्थित बिठौराकलां की बैंक ऑफ बड़ौदा खुलने पर लोग धनराशि निकलने पहुंचे लेकिन बैंक में कैश नहीं था। नाराज लोगों ने बैंक के बाहर प्रदर्शन किया, बाद में हाइवे पर भी जाम लगाया। सूचना मिलने पर गजरौला पुलिस मौके पहुंची और लोगों को समझाकर शांत कराया। इसके चलते करीब एक घंटे तक यातायात बाधित रहा।
बीसलपुर। बड़ौदा ग्रामीण बैंक टिकरी के कैश न मिलने पर ग्रामीणों ने मुख्यमार्ग पर चक्का जाम कर अधिकारियों के खिलाफ नारेबाजी की। इधर सहकारी गन्ना विकास समिति के कर्मचारियों ने वेतन न मिलने पर जिला सहकारी बैंक प्रबंधक आरके सिंह का घेराव किया। बैंकों में नकदी न होने के साथ एटीएम भी कैशलेस रहे जिससे लोगों को परेशान होना पड़ा।
हजारा। ट्रांस शारदा क्षेत्र की बैंक शाखाओं में पिछले कई दिनों से कैश की किल्लत के चलते उपभोक्ता परेशान हैं। इन दिनों क्षेत्रीय किसान सहकारी चीनी मिल संपूर्णानगर ने किसानों को गन्ना भुगतान की एडवाइज बैंक में भेजी है। मंगलवार को इलाके के सैकड़ों किसान पेमेंट के लिए बैंक आफ बड़ौदा की शाखा सिद्धनगर और कबीरगंज बैंक पहुंचे लेकिन कैश न होने के कारण लोगों को निराश लौटना पड़ा।
बरखेड़ा। कस्बा की एसबीआई बैक में शुक्रवार को कैश न होने पर 12 बजे से भुगतान बंद कर दिया गया था। इसके तीन दिन बाद मंगलवार को बैंक खुलने से पहले ही लोग बैंक पहुंच गए लेकिन जब बैंक स्टाफ बिना कैश के पहुंचा तो भीड़ ने अधिकारियों को घेर लिया और बैंक नहीं खोलने दी। हालांकि बैंक अधिकारियों ने अन्य बैंकों को फोन कर कैश की जानकारी ली लेकिन कहीं से व्यवस्था नहीं बनी। शाखा प्रबंधक अंकुर राज ने बताया कि कैश न मिलने से दिक्कत हो रही है।
हंगामा करने पर तीन लोग गिरफ्तार
पूरनपुर। एचडीएफसी व ओरियंटल बैंक शाखा में भुगतान के लिए लाइन में लगे लोगों ने जमकर हंगामा किया। इस मौके पर पुलिस ने तीन लोगों को हिरासत में लिया है। बैंक ऑफ बड़ौदा, यूनियन बैंक, बैंक ऑफ इंडया, सिंडीकेट, जिला सहकारी बैंक शाखा शाहगढ़, सेंट्रल बैंक शाखा में कैश न पहुंचने पर लाइनों में लगे ग्राहकों को लौटना पड़ा। स्टेट बैंक शाखा में पांच हजार रुपये, एक्सिस बैंक से चार हजार रुपये, पंजाब एंड सिंध बैंक शाखा से ग्राहकों को दो-दो हजार रुपये का भुगतान किया गया।