पीलीभीत के गजरौला थाना क्षेत्र में माला नदी पुल पर बुधवार दोपहर हादसा हो गया। पुल पर तीन कारें टकराईं। एक कार नीचे जा गिरी। हादसे में दंपती समेत छह लोग घायल हो गए।
पीलीभीत-पूरनपुर हाईवे पर गजरौला थाना क्षेत्र में माला नदी पुल पर तीन कारों की आपस में भिड़ंत हो गई। इसके बाद एक कार पुल से नीचे नदी में जा गिरी। इस हादसे में कार सवार दंपती समेत छह लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
विज्ञापन
थाना गजरौला के गांव पिपरिया करम निवासी कुलजीत सिंह अपनी पत्नी मंजीत कौर के साथ पीलीभीत से दवा लेकर लौट रहे थे। गजरौला कला के माला नदी पुल पर पहुंचते ही पूरनपुर की तरफ से आ रही कार से उनकी कार भिड़ गई। इसी बीच एक और कार आकर टकरा गई। हादसे में कार समेत दंपती पुल के नीचे जा गिरे। गनीमत रही कि कार नदी में नहीं समाई। अन्य कारों में सवार चार लोग भी घायल हो गए। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। सभी घायलों को जिला अस्पताल भेजा गया है। दंपती की हालत गंभीर बताई गई है।