पीड़ित पक्ष की ओर से पांच नामजद के खिलाफ दर्ज की गई रिपोर्ट, घायल लखनऊ रेफर
कलीनगर। कुंवरपुर गांव में रंजिश को लेकर हुए गोलीकांड में पुलिस ने तीन नामजद आरोपियों को हिरासत में लिया है। उनके पास से लाइसेंसी बंदूक भी पुलिस ने बरामद की है। मामले में पीड़ित पक्ष की तहरीर पर पांच नामजद के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस ने शेष आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है। गांव में सावधानी के तौर में पुलिस बल तैनात किया गया है। वहीं, घटना में घायलों को लखनऊ रेफर किया गया है।
माधोटांडा क्षेत्र के ग्राम कुंवरपुर ताल्लुके आनंदपुर निवासी छत्रपाल ने माधोटांडा थाने में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि गांव के ही बालक राम की करीब दो माह पूर्व अंबेडकर पार्क में कपड़ा सुखाने को लेकर बाबूराम से कहासुनी हो गई थी। इसकी बालक राम पक्ष रंजिश मानने लगा था। आरोप है कि छह जुलाई को शाम करीब सात बजे बाबूराम गांव में स्थित किराने की दुकान पर सामान खरीदने गए थे। वह और अन्य लोग घरों के बाहर बैठे थे। तभी बालकराम अपनी लाइसेंसी बंदूक और उसके पुत्र महेश, बाबा साहब उर्फ सोनू, रमेश, लालाराम ने अवैध तमंचे लेकर उसके घर के बाहर आए और उसके साथ गाली-गलौज करने जान से मारने की धमकी देते हुए गोलियां चलाना शुरू कर दी। इससे उसकी पुत्री अंजली, गांव के दिनेश, दिनेश का पुत्र यश, दिनेश की पत्नी प्रीति, पड़ोसी रमेश व गीता घायल हो गए।
सूचना पर डायल 112 के अलावा थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची। घायलों को सीएचसी के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया। शरीर में छर्रे फंसे होने के कारण घायलों को केजीएमयू लखनऊ रेफर किया गया। इंस्पेक्टर अशोक पाल ने बताया कि तीन आरोपियों में बालक राम, सोनू व लाला राम को हिरासत में लिया गया। बालकराम की लाइसेंसी बंदूक भी बरामद की गई है। आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। सीओ विधि भूषण मौर्या ने बताया कि थाना पुलिस को मामले में सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें लगाई गई हैं। संवाद