आत्मदाह की चेतावनी का पोस्टर के साथ पीड़ित। स्रोत, स्वंय
घर के बाहर चस्पा किया पोस्टर, धनवंतरी अस्पताल में हुई थी महिला की मौत
पीलीभीत। फ्रैक्चर के इलाज के दौरान महिला की मौत के मामले में दर्ज केस के बाद भी कार्रवाई आगे न बढ़ने का आरोप लगाते हुए मृतका के बेटे ने प्रशासन के सामने कड़ा रुख अपनाया है। अस्पताल सील न होने, आरोपी डॉक्टरों की गिरफ्तारी न होने से नाराज परिजन ने अब 10 अगस्त को कलक्ट्रेट में आत्मदाह की चेतावनी दी है। इस चेतावनी का पोस्टर भी उन्होंने अपने घर के बाहर चस्पा कर दिया है।
रंजीत सिंह कॉलोनी निवासी अनुराग अवस्थी ने बताया किसी उनकी मां पूनम अवस्थी उर्फ पदमा अवस्थी के हाथ में फ्रैक्चर होने पर उन्हें शहर के धनवन्तरी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। आरोप है कि अस्पताल के डॉक्टर अक्षत पाण्डेय, डॉक्टर उपेन्द्र नाथ मिश्रा और अन्य स्टाफ की गंभीर लापरवाही के चलते तीन अगस्त की रात करीब 12:30 बजे उनकी मां की मौत हो गई। मामले में कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज होने के बावजूद अब तक आरोपियों के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। अनुराग ने बृहस्पतिवार को डीएम को प्रार्थना पत्र देकर आरोपी डॉक्टरों की गिरफ्तारी और अस्पताल सील करने की मांग की थी। अनुराग ने बताया कि शुक्रवार को वह दोबारा सीएमओ से मिले और अस्पताल को तत्काल सील करने की मांग उठाई। उनका आरोप है कि सीएमओ ने जांच का हवाला देते हुए तीन दिन का समय मांगा। इससे नाराज परिजन ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि शनिवार तक अस्पताल सील नहीं किया गया और आरोपी चिकित्सकों के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई तो 10 अगस्त को कलक्ट्रेट परिसर में आत्मदाह करेंगे। इस संबंध में उन्होंने अपने घर के बाहर चेतावनी का पोस्टर भी लगा दिया है। सीएमओ बीसी पंत का कहना है मामले की जांच चल रही है। जल्द ही उचित कार्रवाई होगी। संवाद