रेलवे बोर्ड के चेयरमैन अशोक कुमार मित्तल ने पीलीभीत-टनकपुर रेलखंड पर चल रहे ब्राडगेज कार्यों का जायजा लिया। रेलवे स्टेशन के निरीक्षण में उन्हें कई खामियां मिलीं। उन्होंने मुख्य प्लेटफार्म पर कराए गए कार्यों को लेकर भी असंतुष्टि जाहिर की। इस दौरान पहुंचे व्यापारी नेताओं ने भी चेयरमैन से मुलाकात कर अपनी समस्याएं रखीं।
रेलवे बोर्ड के चेयरमैन सड़क मार्ग से होते हुए शनिवार सुबह यहां पहुंचे। कुछ देर रुकने के बाद वह सड़क मार्ग से ही टनकपुर रवाना हो गये। वापसी के दौरान उन्होंने रास्ते में पड़ने वाले कुछ रेलवे स्टेशनों व रेलवे क्रासिगों का निरीक्षण किया। शाम करीब साढ़े तीन वह रेलवे स्टेशन पहुंचे। टिकटघर के निरीक्षण के दौरान उन्होंने वहां लगी रेलिंग पर आपत्ति जताई। किराया सूची व विंडो पर लगी लोहे की ग्रिल को देखकर उन्होंने रेल अफसरों से बाबा आदम के जमाने की व्यवस्था होने की वजह जानने का प्रयास किया, लेकिन रेल अफसर कोई जवाब नहीं दे सके। उन्होंने टिकट ब्रिकी के बारे में भी जानकारी की, लेकिन यहां पर भी अफसर उन्हें संतुुष्ट नहीं कर सके। इसके बाद उन्होंने मुख्य प्लेटफार्म का भी निरीक्षण किया। स्टेशन अधीक्षक कक्ष समेत डारमेट्री आदि के गेट पर लगी रेलिंग को भी उन्होंने गलत बताया और सुधार के निर्देश दिए। निर्माणाधीन प्लेटफार्म दो पर वाशिंग एप्रिन न बनाए जाने पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए वाशिंग एप्रिन बनाने के निर्देश दिए। निरीक्षण के बाद चेयरमैन स्पेशल ट्रेन से बरेली रवाना हो गए। इस मौके पर पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक राजीव मिश्र, मंडल रेल प्रबंधक निखिल पांडेय समेत कई विभागों के रेल अफसर व कर्मचारी मौजूद रहे।
00
रेलवे क्रासिंगों पर ओवी या विकल्प तैयार करने के दिए निर्देश
रेलवे बोर्ड के चेयरमैन ने रेलवे स्टेशन के दौरान निर्माणाधीन फुट ओवरब्रिज के साथ बरहा व रामलीला रेलवे क्रासिंगों की स्थिति के बारे में जानकारी हासिल की। इस पर रेल अफसरों ने उन्हें दोनों रेलवे क्रासिंग रेलवे यार्ड के भीतर होने की जानकारी दी। उन्होंने रेलवे क्रासिगों पर ओवरब्रिज बनाने या फिर इसका कोई अन्य विकल्प तलाशने के निर्देश दिए।
000
आधे घंटे तक रेलवे क्रासिंग पर फंसे रहे यात्री
रेलवे बार्ड के चेयरमैन को निरीक्षण के बाद स्पेशल ट्रेन से बरेली रवाना होना था। इसको लेकर शनिवार दोपहर बाद रामलीला, नौगवा व ईदगाह रेलवे क्रासिंग बंद कर दी गई इसकी वजह से तीन स्थानों पर वाहनों की कतार लग गई। करीब आधा घंटे बाद स्पेशल ट्रेन के गुजरने पर ही बंद रेलवे क्रासिंगों को खोला गया।
000
व्यापारियों ने दिल्ली तक ट्रेन चलाने की रखी मांग
उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल के जिलाध्यक्ष हाजी अफरोज जिलानी व पश्चिमी उद्योग व्यापार मंडल के महामंत्री सुनील कुमार वर्मा के नेतृत्व में व्यापारियों ने चेयरमैन से मुलाकात कर समस्याएं रखी। व्यापारियों ने रेलवे जंक्शन से दिल्ली तक ट्रेन का संचालन कराने, मालगोदाम का निर्माण, टिकटविंडों के सभी काउंटर चालू कराने, शीतल जल की व्यवस्था कराने, मीटरगेज की ट्रेनों में बोगियों की संख्या बढ़ाने आदि की मांग की। इस मौके पर अमनदीप सिंह जौली, जितेंद्र गुप्ता, योगेश शुक्ला, मेाहम्मद आसिफ, राजेश कश्यप, संजीव थम्मन आदि मौजूद रहे।