पीलीभीत। पंचायत चुनाव की मतदाता सूची को फिल्टर करने काम अभी जारी है। 2.98 लाख डुप्लीकेट मतदाताओं के सत्यापन में अभी 18 हजार लोगों का सत्यापन होना शेष है।
राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से 2,98,946 मतदाताओं की सूची सौंपकर इसके सत्यापन का निर्देश जारी किए गए थे। इसमें सबसे अधिक डुप्लीकेट मतदाता पूरनपुर ब्लॉक क्षेत्र में थे। इनकी संख्या 97,027 थी। इसी तरह ललौरीखेड़ा, अमरिया, बीसलपुर, बिलसंडा, बरखेड़ा आदि ब्लॉक क्षेत्रों के डुप्लीकेेट मतदाताओं की सूची भी भेजी गई थी। इन मतदाताओं का सत्यापन शुरू हुआ तो कुछ मृतक और डुप्लीकेट पाए गए। जांच में सही नाम वाले भी मिले। हालांकि, अभी सत्यापन का काम चल रहा है। इसके बाद ही स्पष्ट होगा कि सूची से कितने नाम कटेंगे।
पूरनपुर में 17,366 मतदाताओं का सत्यापन बकाया
मतदाता सूची में शामिल डुप्लीकेट नाम वाले 2,80,321 मतदाताओं का सत्यापन पूरा हो चुका है। 18,591 का सत्यापन शेष है। इसमें सबसे अधिक पूरनपुर में 17,366 मतदाताओं का सत्यापन बकाया है। इसके अलावा मरौरी, बरखेड़ा व अमरिया में नाममात्र का सत्यापन ही शेष है। बीसलपुर और बिलसंडा क्षेत्र में सत्यापन का काम पूरा हो चुका है।
आंकड़ों में डुप्लीकेट मतदाता
ब्लॉक डुप्लीकेट मतदाता सत्यापन
मरौरी 43473 42683
ललौरीखेड़ा 26292 26290
बीसलपुर 25270 25270
बिलसंडा 32451 32451
बरखेड़ा 41023 40588
पूरनपुर 97027 79661
अमरिया 33410 33378