बरखेड़ा। गांव से कुछ दूरी पर तालाब में सिंघाड़े तोड़ने गया युवक दूसरे दिन बेसुध अवस्था में मिला। क्षेत्रीय प्रधान की सूचना पर पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से युवक को बरखेड़ा सीएचसी भिजवाया। प्रधान के अनुसार, युवक नशे की हालत में घूमता मिला था।
नगर के वार्ड नंबर दो निवासी सोमवती ने बताया कि उसका 32 वर्षीय पुत्र मोरपाल शनिवार को मोहल्ले के ही तीन अन्य लोगों के साथ मजदूरी कार्य पर भैसाहा भट्टा के निकट स्थित तालाब में सिंघाड़े तोड़ने गया था। देर रात तक घर न आने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। साथ में गए अन्य लोगोंं से पूछा।
उन्होंने युवक के रास्ते में रुक जाने की बात कही। रास्ते में जाकर देखा तो चप्पलें पड़ी मिलीं। इस पर परिजन चिंतित हो गए। थाना पहुंचकर गुमशुदगी के लिए तहरीर दी गई। इसके बाद पुलिस ने जांच पड़ताल शुरू की। युवक के देर रात बहादुरपुर हुक्मी की सीमा में नशे की हालत में घूमने की जानकारी मिली।
प्रधान अमित गंगवार ने बताया कि युवक नशे की हालत में घूम रहा था। उसे पुलिस को सूचना देकर एंबुलेंस की मदद से बरखेड़ा सीएचसी भिजवा दिया गया। थाना प्रभारी मुकेश कुमार शुक्ला ने बताया कि बेसुध मिले युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। परिजन भी अस्पताल पहुंच गए है। युवक के स्वस्थ होने के बाद पूछताछ की जाएगी।