पीड़ित ने पांच आरोपियों के खिलाफ दी तहरीर, जांच में जुटी पुलिस
संवाद न्यूज एजेंसी
बीसलपुर। गांव पकड़िया मंगली में बुधवार को गांव के ही पांच दबंगों ने मामूली बात पर पड़ोसी गांव गांगूपुर निवासी युवक को ट्रैक्टर से उतार कर डंडे व बेल्ट से दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। पीड़ित ने कोतवाली में पांच आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी है।
कोतवाली क्षेत्र के गांव गांगूपुर निवासी ललित मोहन ने बताया कि गेहूं की थ्रेसिंग न करने से नाराज पड़ोसी गांव पकड़िया मंगली के कुछ लोग उससे रंजिश मानने लगे। आरोप है कि बुधवार को वह गांव पकड़िया मंगली से अपना ट्रैक्टर लेकर गुजर रहा था। रास्ते में आरोपियों से सामना हो गया।
आरोप है कि दबंगों ने ललित मोहन को ट्रैक्टर से उतार कर दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। इस बीच मौके पर भीड़ लग गई, लेकिन कोई भी दबंगों के डर से हस्तक्षेप करने की हिम्मत नहीं जुटा सका। सूचना मिलने पर ललित मोहन के घर वाले भी मौके पर पहुंच गए। तब तक हमलावर चले गए थे।
ललित मोहन ने कोतवाली में मामले की नामजद तहरीर दे दी है। तहरीर में गांव पकड़िया मंगली के पांचों दबंगों को नामजद किया गया है। पुलिस ने घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भर्ती कराकर मामले की जांच शुरू की है।
00
समारोह में जा रहे मां-बेटे को घेरकर पीटा, रिपोर्ट दर्ज
बरखेड़ा। थाना क्षेत्र के गांव अलियापुर निवासी छेदालाल ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि 24 अप्रैल की रात नौ बजे के उनकी बहन रमादेवी अपने पुत्र शिवकुमार के साथ गांव में ही एक शादी समारोह में शामिल होने जा रही थी। तभी रास्ते में प्रतापपुर के रहने वाले लालता प्रसाद, झम्मन लाल ने बहन व भांजे को रास्ते में रोककर गाली-गलौज किया। जब उसने इसका विरोध किया, तो उक्त लोगों ने बहन व भांजे को बुरी तरह लाठी डंडों से पीटा। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल अवस्था में परिजन दोनों लोगों को लेकर सीएचसी पहुंचे। जहां हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर जानलेवा हमले व अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली है। संवाद