उत्तराखंड सीमा से सटे बालपुर माफी गांव में लिप्टस के पेड़ पर 25 वर्षीय युवक का शव लटका मिला। परिवारीजनों के मुताबिक युवक मंदबुद्धि था, जिसने आत्महत्या कर ली। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मंगलवार सुबह करीब दस बजे उत्तराखंड सीमा से सटे अमरिया थाना क्षेत्र के बालपुर माफी गांव निवासी मोहर सिंह के खेत में खड़े लिप्टस के पेड़ पर एक युवक का शव लटका देखा गया। उसके गले में मफलर का फंदा लगा हुआ था। युवक की शिनाख्त उत्तराखंड के सितारगंज क्षेत्र के गोविंदपुर गांव निवासी अनिमेष कुमार के रूप में हुई। इसकी सूचना मिलने पर सितारगंज पुलिस मौके पर पहुंच गई। इसका पता लगने पर अनिमेष का छोटा भाई मिथुन व परिवार के अन्य लोग पहुंच गए। घटनास्थल अमरिया थाना क्षेत्र का होने से वहां की पुलिस को भी बुला लिया गया। अमरिया पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेजा। परिवारीजनों ने बताया कि अनिमेष मंदबुद्धि था। वह बीमारी से तंग परेशान रहता था। वह सुबह सात बजे घर से निकला था। इसके बाद से उसका कोई पता नहीं लग सका था।
मौत की वजह स्पष्ट करने के लिए शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। परिवारीजन बीमारी से तंग आकर आत्महत्या करने की बात कहकर कार्रवाई से इनकार कर रहे हैं। - निशांक शर्मा, सीओ सदर