लेखपाल संघ के पदाधिकारियों ने एसडीएम बीपी सिंह को ज्ञापन देकर हड़ताल अवधि का वेतन न दिए जाने पर 24 जून से आंदोलन करने की चेतावनी दी है।
ज्ञापन में कहा गया है कि लेखपालों ने अपनी जायज मांगों को लेकर नोटिस देने के बाद छह मई से 13 मई तक तहसील परिसर में धरना दिया था। धरना नियमानुसार होने के बावजूद लेखपालों का आठ दिन का वेतन जिलाधिकारी के आदेश पर काट लिया गया। ज्ञापन में अवैध रूप से काटा गया वेतन तत्काल दिलवाने की मांग की गई है।
ज्ञापन में यह चेतावनी भी दी गई है कि यदि काटा गया वेतन 23 जून तक नहीं दिया गया, तो 24 जून से लेखपाल बेमियादी आंदोलन शुरू कर देंगे। ज्ञापन पर लेखपाल संघ के तहसील अध्यक्ष ओमकार सिंह और तहसील मंत्री रामस्वरूप के हस्ताक्षर हैं।