पीलीभीत। जिले के हेपेटाइटिस मरीजों के लिए राहत भरी खबर है। अब उन्हें वायरल लोड की जांच के लिए लखनऊ, बरेली सहित अन्य शहरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। जिला अस्पताल में माइक्रोबायोलॉजी विभाग की ओर से जल्द ही वायरल लोड की जांच शुरू होने जा रही है। विभाग की ओर से वायरल लोड के परीक्षण के बाद उसकी रिपोर्ट परीक्षण के लिए लखनऊ भेजी गई है, रिपोर्ट आने के बाद जांच शुरू हो जाएगी।
मेडिकल कॉलेज के अधीन संचालित जिला अस्पताल में लंबे समय से हेपेटाइटिस (काला पीलिया) के मरीजों का इलाज किया जा रहा है। इसकी सामान्य जांच तो जिला अस्पताल में संभव है, लेकिन वायरल लोड की जांच के लिए मरीजों को बरेली व अन्य जनपदों के चक्कर काटने पड़ते थे। जिला अस्पताल की व्यवस्था में सरकारी रिपोर्ट को ही मान्यता दी जाती है, इसलिए मरीजों की वायरल लोड की जांच दूसरे जिलों से होने के बाद ही इलाज शुरू हो पाता था। लंबे समय से जिला अस्पताल में वायरल लोड जांच के प्रयास भी चल रहे थे। हाल ही में माइक्रोबायोलॉजी विभागध्यक्ष डॉ. दीपिका ने वायरल लोड जांच शुरू करने का कदम उठाया। उन्होंने स्वयं दस सैंपल के जरिए लैब में लगे संसाधनों से वायरल लोड जांच की। जांच रिपोर्ट परीक्षण के लिए लखनऊ भेजी है। उप प्राचार्य डॉ. अरूण कुमार ने बताया कि वायरल लोड के जांच के लिए दस सैंपल का स्ट्रेंथ व टेस्ट रिपोर्ट परीक्षण के लिए लखनऊ भेजा गया है। जांच रिपोर्ट मिलान के बाद पीलीभीत के हेपेटाइटिस मरीजों के लिए वायरल लोड जांच शुरू कर दी जाएगी।