बीसलपुर। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के नए अधीक्षक के विरोध में एक पीड़ित परिवार ने स्वास्थ्य केंद्र के गेट पर धरना दिया।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आलोक शर्मा ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अधीक्षक डॉ. आलमगीर को हटाकर उनके स्थान पर स्वास्थ्य केंद्र के वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ.लेखराज गंगवार को प्रभारी अधीक्षक बना दिया। मुख्य चिकित्साधिकारी का आदेश स्वास्थ्य केंद्र में आ गया है। आदेश में यह नहीं स्पष्ट किया गया है कि डॉ. आलमगीर कहां रहेंगे। इससे असमंजस की स्थिति बनी हुई है। इसी वजह से डॉ. लेखराज गंगवार का अभी कार्यभार नहीं हो पाया है। लेखराज गंगवार पूर्व में भी इसी पद पर रह चुके हैं।
लेखराज गंगवार को दोबारा अधीक्षक बनाए जाने की जानकारी होते ही मोहल्ला ग्यासपुर निवासी सरताज अली ने बृहस्पतिवार को परिवार सहित स्वास्थ्य केंद्र परिसर में सुबह 10 बजे धरना शुरू कर दिया था। धरने पर सरताज अली के अलावा उनकी पत्नी रेशमा बेगम, मोहम्मद अजहर, सलमा बेगम और भूरा समेत चार परिजन बैठे। सरताज अली का कहना था कि काफी समय पूर्व डॉ. लेखराज गंगवार ने उनकी पत्नी का उपचार किया था। उसमें उनकी पत्नी मरते-मरते बची थी।
उन्होंने मामले की शिकायत उच्च अधिकारियों से की थी। इसके बाद ही डॉ.लेखराज गंगवार हटाए गए थे। अब डॉ.लेखराज गंगवार का दोबारा अधीक्षक बनाया जाना सही नहीं है। एसडीएम नागेंद्र पांडेय के निर्देश पर नायब तहसीलदार वीरेंद्र सिंह ने धरना स्थल पर पहुंचकर सरताज अली से वार्ता की और समझाकर उन्हें धरने से हटा दिया। इस बाबत मौजूदा अधीक्षक डॉ. आलमगीर ने बताया कि मुख्य चिकित्सा अधिकारी की ओर से जारी गए किए गए आदेश में अभी उनके बारे में कुछ नहीं कहा गया है।