बीसलपुर के गांव कर्रखेड़ा में सड़क की सफाई करते ग्रामीण । संवाद
बीसलपुर। पंचायत विभाग की अनदेखी से गांव कर्रखेड़ा की एक कच्ची सड़क ग्रामीणों के लिए मुसीबत बन गई है।
ब्लॉक क्षेत्र की ग्राम पंचायत ढुक्सी के मजरा कर्रखेड़ा की एक प्रमुख कच्ची सड़क को आजतक पक्का नहीं किया गया है। जरा सी बारिश होने पर इस सड़क से निकलना मुश्किल हो जाता है। सर्वाधिक दिक्कत महिलाओं और बच्चों को होती है। बुधवार की रात को हुई मामूली बारिश में ही पानी भर जाने से यह कच्ची सड़क दलदल में तब्दील हो गई।
बृहस्पतिवार को लोगों ने पानी निकाला, तब कहीं जाकर सड़क कुछ हद तक निकलने लायक हो पाई। गांव के जागरूक लोग पंचायत विभाग के अधिकारियों से कई बार इस सड़क को पक्का कराने की मांग कर चुके हैं, लेकिन आज तक कोई सुनवाई नहीं हुई, जिससे ग्रामीणों में विभाग के प्रति रोष है।
पंचायत विभाग की अनदेखी के चलते यह सड़क कब तक बदहाल बनी रहेगी और उसका खामियाजा ग्रामीणों को भुगतना पड़ेगा, कुछ कहा नहीं जा सकता। इस बावत पंचायत विभाग की सहायक विकास अधिकारी कृष्णा देवी ने बताया कि क्षेत्रीय ग्राम पंचायत अधिकारी से इस मामले की जानकारी ली जाएगी। उसके बाद इस मामले में कार्रवाई की जाएगी।