बीएसए के निर्देश पर आए दो खंड शिक्षाधिकारी (बीईओ) भी परिषदीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय का कार्यभार संबंधी विवाद नहीं निपटा सके।
परिषदीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय के प्रधानाध्यापक गोविंद सिंह 31 मार्च को सेवानिवृत्त हो गए थे। विभागीय अधिकारियों के निर्देश पर प्राथमिक विद्यालय ग्यासपुर के प्रधानाध्यापक फुरकान अली ने 12 अप्रैल को परिषदीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय में योगदान कर लिया था। अभी तक न ही फुरकान अली को इस विद्यालय का कार्यभार मिल पाया है और न ही सेवानिवृत्त प्रधानाध्यापक को अदेय प्रमाण पत्र मिल पाया है। फुरकान अली को कार्यभार न मिलने के कारण विद्यालय की व्यवस्थाएं भी प्रभावित हो रही हैं। फुरकान अली का आरोप है कि सेवानिवृत्त प्रधानाध्यापक उन्हें अधूरा कार्यभार देना चाहते हैं, इसलिए वह कार्यभार नहीं ले रहे हैं। इधर सेवानिवृत्त प्रधानाध्यापक गोविंद सिंह का कहना है कि फुरकान अली उन्हें परेशान करने की नियत से जानबूझकर कार्यभार नहीं ले रहे हैं। इस मामले की लिखित शिकायत बीएसए से भी की जा चुकी है।
बीएसए ने विवाद का निस्तारण करने के लिए बरखेड़ा के बीईओ लक्ष्मीनारायण गंगवार और बिलसंडा के बीईओ डीएल राना को अधिकृत किया था। दोनों अधिकारियों ने गुरुवार को विद्यालय में जाकर विवाद का निस्तारण कराने का हर संभव प्रयास किया, लेकिन निस्तारण नहीं हो पाया, तभी दोनों अधिकारी मायूस होकर लौट गए। दोनों अधिकारियों ने बताया कि वह संयुक्त रिपोर्ट बीएसए को भेज रहे हैं।