ट्रकों की आमने-सामने हुई भिड़ंत में हरिद्वार नेशनल हाइवे 30 पर शुक्रवार/शनिवार की रात लगभग आठ किलामीटर लंबा जाम लग रहा। जिससे यातायात पूरी तरह ठप हो गया। पुलिस की कड़ी मशक्कत के बाद शनिवार आठ घंटे बाद सुबह नौ बजे जाम खुल सका।
नेशनल हाइवे पर ग्राम बल्लिया के पास शुक्रवार/शनिवार की रात करीब दो बजे सितारगंज की ओर से गिट्टी लेकर लखीमपुर जा रहे ट्रक व पीलीभीत से सितारगंज की ओर जा रहे ट्रक में आमने-सामने की भिड़ंत हो गई। जिससे दोनों ट्रक आड़े तिरछे हो गए और हाइवे पूरी तरह बंद हो गया। हाइवे बंद होने से छोटे वाहन तो किसी तरह जगह बना कर निकल गए, लेकिन बड़े वाहन फंसते चले गए। कुछ ही देर में हाइवे पर लगभग आठ किलोमीटर तक दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारे लग गईं। सूचना मिलने पर अमरिया पुलिस मौके पर पहुंची और जाम खुलवाने का प्रयास शुरु किया। दोनों ट्रकों को काफी मशक्कत कर हटवाया गया। जिससे शनिवार की सुबह लगभग नौ बजे यातायात सुचारु हो सका। जाम के चलते लोगों को खासी दिक्कत का सामना करना पड़ा।