तेज रफ्तार कार ने थाना गजरौला क्षेत्र में मुड़ैलाकलां के पास सामने से आ रही बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। जिससे बाइक चला रहे कोतवाली पूरनपुर के मोहल्ला वमनपुरी निवासी 38 वर्षीय रामभरत की मौत हो गई, जबकि उनका रिश्तेदार थाना माधोटांडा के गांव जमुनिया निवासी बृजबिहारी घायल हो गया। घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने कार को कब्जे में लेकर दो लोगों को हिरासत में लिया है।
जिला अस्पताल में मौजूद मोहल्ला वमनपुरी निवासी सुशीला देवी ने बताया कि उनके पति रामभरत रविवार की सुबह उसे और उसकी पुत्री नेहा को बाइक से थाना जहॉनाबाद क्षेत्र में रहने वाली उसकी छोटी बहन के घर छोड़ कर आए थे। वह थाना माधोटांडा निवासी रिश्तेदार बृजबिहारी को बाइक पर बैठाकर जहॉनाबाद वापस लौट रहे थे। जिला अस्पताल में भर्ती घायल बृजबिहारी ने बताया कि बाइक उसके मौसा रामभरत चला रहे थे। गांव मुडै़लाकलां के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। जिससे वह दोनों घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों को एंबुलेंस 108 से जिला अस्पताल में भिजवाया। जहां डॉक्टर ने रामभरत को मृत घोषित कर दिया। हादसे की सूचना के बाद दोनों युवकों के घर कोहराम मच गया। दोनों के परिवार के लोग जिला अस्पताल पहुंचे। सुशीला देवी को जब पता चला कि उसके पति रामभरत की मौत हो गई तो वह विलाप करने लगी। प्रभारी निरीक्षक अशोक बुद्धप्रिय ने बताया कि कार को कब्जे में लेकर पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में लिया है। हादसे की तहरीर अभी नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।