पीलीभीत। बाजार गेट पर लगे ट्रांसफार्मर पर लोड अधिक होने से वह सोमवार रात फुंक गया। इस कारण इससे जुड़े दस मोहल्लों के 500 से अधिक परिवारों की बिजली पूरी रात गुल रही।
भीषण गर्मी में शहर की बिजली व्यवस्था पूरी तरह से बेपटरी हो गई है। रोजाना शहर में जगह-जगह हो रहे फाॅल्ट के कारण उपभोक्ता परेशान हैं। सोमवार की रात करीब साढ़े 10 बजे बाजार गेट पर लगा ट्रांसफार्मर लोड अधिक हो जाने से फुंक गया। सूचना पर पहुंची ऊर्जा निगम की टीम ने रात करीब दो बजे मोबाइल ट्रांसफार्मर लगाया। इसके बाद भी कटौती बरकरार रही।
इसके बाद सुबह करीब साढ़े सात बजे नया ट्रांसफार्मर लगाए जाने के कारण मोबाइल ट्रांसफार्मर को वहां से हटा दिया गया। इससे यहां की बिजली दोबारा गुल हो गई। दोपहर बाद तक मोहल्ला साहूकारा, डोरीलाल, तुलाराम, मुख्य बाजार आदि जगहों के उपभोक्ता बिजली की समस्या से परेशान रहे। इंवर्टर ने भी साथ छोड़ दिया। ऐसे में पानी की आपूर्ति भी प्रभावित हुई। जेई जहांगीर आलम ने बताया कि बाजार गेट पर लगा ट्रांसफार्मर लोड अधिक होने की वजह से फुंक गया था। अब नया ट्रांसफार्मर रखवा दिया गया है।
बिजली की अघोषित कटौती से उपभोक्ताओं को दिक्कत
बीसलपुर। बिजली की अघोषित कटौती से भीषण गर्मी में जनजीवन बुरी तरह अस्त-व्यस्त हो रहा है। विभागीय अधिकारी सब कुछ जानते हुए भी अनजान बने हुए हैं।
सोमवार को रात आठ बजे से दो बजे तक मोहल्ला बख्तावरलाल में बिजली की लगातार आवाजाही बनी रही। लोगों ने ऊर्जा निगम के नगर नियंत्रण कक्ष में कई बार फोन से शिकायत की पर कोई नतीजा नहीं निकला।
इसी मोहल्ले में मंगलवार को सुबह पांच बजे से दोपहर एक बजे तक बिजली फिर नदारद रही। दिन में एक बजे जब बिजली आई तब लोगों ने राहत की सांस ली। अधिशासी अभियंता जितेंद्र कुमार ने बताया कि कटौती से ऊपर से की जा रही है।
बैरा की ग्राम प्रधान श्वेता मिश्रा ने बताया कि उनके गांव में रात के समय तो बिजली मिल जाती है, लेकिन दिन में केवल दो घंटे बिजली मिल पाती है। इससे काफी दिक्कत आती है। संवाद