गांव रंपुरा कोन के समीप खेत में छिपे बाघ को देखने को एकत्र हुए लोग - ग्रामीण
पूरनपुर। गांव रम्पुरा कोन में तेंदुए की कई दिन से चहलकदमी के साथ बुधवार को गांव के समीप गन्ना के खेत से निकले बाघ ने एक नीलगाय को मार डाला। सूचना पर पहुंची सामाजिक वानिकी की टीम को बाघ के पंजों के निशान मिले।
बुधवार को गांव रम्पुरा कोन में गांव के महेंद्र सिंह के गन्ना के खेत पास बाघ देखकर लोगों ने शोर मचाया। तब बाघ गन्ने के खेत में चला गया। कुछ देर बाद बाघ ने खेत से निकलकर एक नीलगाय को मार डाला और शिकार को छोड़कर खेत में चला गया। कुछ देर बाद बाघ के शिकार के पास पहुंचे कुत्ते को गन्ने के खेत से निकलकर बाघ ने हमला कर घायल कर दिया।
शाम को गन्ना के खेत में छिपे बाघ को लेकर आसपास लोगों की भीड़ लगी। ग्राम पंचायत प्रशासक हरजिंदर कौर के पति ने बताया कि नीलगाय के शव को देख एकत्र हुए लोगों ने उसे दफन कर दिया। सामाजिक वानिकी के रेंजर सोबरन लाल ने बताया कि बाघ की सूचना पर टीम को भेजा गया। बाघ शाम को भी खेत में था। टीम को गन्ना के खेत के समीप बाघ के पंजों के निशान मिले हैं। निगरानी के लिए टीम लगाई गई है।
तेंदुए की दहशत बरकरार : चीनी मिल की दीवार पर मंगलवार को आया तेंदुआ दूसरे दिन शाम को चीनी मिल के गोदाम के समीप पहुंच गया। शोर-शराबा पर तेंदुआ झाड़ियों में चला गया। रेंजर ने बताया कि तेंदुए की निगरानी के लिए टीम लगी हुई है। चीनी मिल में पिंजरा भी लगाया गया है। संवाद