पूरनपुर। बाघ को बेहोश कर पकड़ने के लिए संपूर्णानगर रेंज की सामाजिक वानिकी टीम पिछले नौ दिन से हजारा क्षेत्र में डेरा डाले है। टीमें बाघ की लोकेशन तलाशने के लिए ड्रोन कैमरे की भी मदद ले रहीं हैं। अब तक बाघ के सिर्फ पगचिह्न ही टीम को मिल पाए हैं। वहीं बाघ ने बुधवार रात हजारा के कबीरगंज फार्म में घुसकर एक बछिया को मार डाला। बछिया का अधखाया शव खेत में मिलते ही टीम कबीरगंज में सक्रिय हो गई है।
बाघ ने तीन जून को हजारा थाना क्षेत्र के गांव शांतीनगर निवासी रामकिशोर की पत्नी रेशमा को मार डाला था। बाघ से रेशमा के शव को छुड़ाने के लिए वनकर्मियों ने फायरिंग भी की। चार जून को कंजरवेटर, लखीमपुर के डीएफओ ने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली। कंजरवेटर से बाघ को बेहोश कर पकड़वाने के निर्देश दिए।
तब से बाघ को बेहोश करने के लिए टीम ने क्षेत्र में डेरा डाला हुआ है। दो स्थानों पर बाघ के लिए शिकार भी बांधा गया है। ड्रोन कैमरों की भी मदद ली जा रही है। वन विभाग की टीम को तो बाघ नजर नहीं आया। बाघ ने कबीरगंज फार्म के एक घर में घुसकर बछिया को मार डाला। संपूर्णानगर के रेंजर अनिल कुमार ने बताया कि बाघ ने घर के बाहर बंधी बछिया को मारा है। बाघ की लोकेशन तलाश की जा रही है। संवाद