पीलीभीत। बाल विवाह की सूचना पर पहुंची चाइल्ड हेल्पलाइन की टीम ने परिजनों को हिदायत देकर बाल विवाह रुकवा दिया। सोमवार को हेल्पलाइन नंबर पर हुई शिकायत के बाद टीम मौके पर पहुंची।
महिला कल्याण विभाग की टीम को सोमवार को हेल्पलाइन नंबर पर सूचना मिली। जानकारी देने वाले ने बताया कि बरखेड़ा क्षेत्र में बाल विवाह कराया जा रहा है। सूचना के बाद टीम मौके पर पहुंची। यहां जानकारी में आया कि एक नाबालिग का विवाह 30 अप्रैल को बीसलपुर क्षेत्र के गांव निवासी युवक से कराया जाना है। टीम ने परिजनों को हिदायत देते हुए बाल विवाह रुकवा दिया। साथ ही अग्रिम कार्रवाई के लिए बालिका को उसके माता-पिता के साथ मंगलवार को बाल कल्याण समिति पीलीभीत के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा। संयुक्त जांच टीम में संरक्षण अधिकारी मीनाक्षी पाठक, प्रभारी निरीक्षक थाना एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग गोविंद सिंह, परियोजना समन्वयक निर्वान सिंह, कांस्टेबल भानू प्रताप एवं अमित कुमार मौजूद रहे। संवाद