महाविद्यालय प्रशासन ने पुलिस के सहयोग से खदेड़ा
छात्र नेताओं ने पार्टी के झंडे फाड़ने का लगाया आरोप, तहरीर
उपाधि महाविद्यालय में छात्र संघ चुनाव की कराने की मांग को लेकर जमकर हंगामा हुआ। छात्र नेताओं ने महाविद्यालय में परिसर में तालाबंदी कर दी। छात्र नेताओं व प्रवक्ताओं के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई। बाद में महाविद्यालय प्रशासन ने पुलिस के सहयोग से हंगामा कर रहे छात्र नेताओं को खदेड़ दिया। इधर छात्रनेताओं ने पुलिस को तहरीर देकर एक प्रवक्ता पर पार्टी के झंडे छीनकर फाडने का आरोप लगाया है।
सपा लोहिया वाहिनी के पूर्व नगराध्यक्ष नरेंद्र गोस्वामी, सछास के पूर्व जिला महासचिव हरगोविंद गंगवार और छात्र संघ प्रत्याशी व महाविद्यालय के संस्थागत छात्र शशांक गंगवार रेशू के नेतृत्व में तमाम विद्यार्थी शुक्रवार को पूर्व नियोजित कार्यक्रम के तहत महाविद्यालय में तालाबंदी करने जा पहुंचे। छात्रनेताओं ने महाविद्यालय गेट व कार्यालय पर ताला लगाने के साथ प्राचार्य कक्ष को बंद करने का प्रयास किया। इस बीच कुछ प्रवक्ता आ गए। छात्रनेताओं का कहना था कि प्रदेश सरकार के निर्देश के बाद भी महाविद्यालय प्रशासन चुनाव कराने में आनाकानी कर रहा है। जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। आरोप है कि इस बीच कुछ छात्र नेताओं ने अमर्यादित शब्दों का प्रयोग करते हुए नारेबाजी शुरू कर दी।
इसको लेकर प्रवक्ताओं व छात्रनेताओं के बीच नोकझोंक भी हो गई। हंगामे की सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने हंगामा कर रहे छात्र नेताओं को खदेड़ दिया। छात्र नेताओं ने इस मामले की शिकायत सयुस के पूर्व प्रदेश सचिव अमित सिंह यादव व सपा नेता प्रशांत कुमार रवि से की। छात्र नेताओं ने बताया कि दोनों नेताओं ने 13 अगस्त को प्राचार्य से मिलकर छात्रसंघ चुनाव की तिथि घोषित करवाने का आश्वासन दिया है।
छात्र नेताओं ने पुलिस को दी तहरीर
छात्रनेताओं ने पुलिस को तहरीर देकर महाविद्यालय के एक प्रवक्ता पर पार्टी का झंडा छीनकर फाड़ने का आरोप लगाया है। तहरीर में प्रवक्ता पर विद्यार्थियों से मारपीट करने भी का आरोप लगाया गया है।
शासन की मंशा के अनुरूप महाविद्यालय में छात्र संघ चुनाव कराए जाएंगें, लेकिन इंप्रूवमेंट परीक्षा आदि को लेकर अभी तिथि तय नहीं की गई है। छात्र नेता संवैधानिक तरीके से अपनी बात रख सकते हैं, लेकिन कुछ छात्र नेता हंगामा कर अमर्यादित शब्दों का प्रयोग कर रहे थे। इसी वजह से पुलिस बुलाई गई थी।
डॉ. विनय कुमार गुप्ता, प्राचार्य, उपाधि महाविद्यालय