पूरनपुर क्षेत्र में शारदा नदी रास्ते में हुआ जलभराव - वीडियो ग्रेब
पूरनपुर। तेज बारिश से शारदा नदी का रास्ता खराब हो गया। इससे वाहनोंं का आवागमन मंगलवार शाम को पूरी तरह बंद हो गया। इससे शारदा नदी पार आवागमन करने को अब लोगों को 30 की जगह 130 किलोमीटर की दूरी तय करनी होगी।
तहसील क्षेत्र में शारदा पार के लोगों को आवागमन नदी वाले रास्ते से करना पड़ता है। नदी पर हर साल पैंटून पुल बनाया जाता है। पुल से आवागमन शुरू कराने और पुल हटाने की तिथियां निर्धारित हैं। बुधवार को बारिश होने से शारदा नदी का रास्ता खराब हो गया। कीचड़ और जलभराव के चलते छोटे वाहन फंसकर निकल रहे थे। इसके बाद जगह-जगह दलदल होने से वाहनों का आवागमन बंद हो गया। घाट की निगरानी को रहने वाले मुंशी ने रास्ता खराब होने पर लोगों से वाहनों से न आने की अपील की। साथ ही कहा कि वाहन फंसने पर कोई सहायता नहीं मिल सकेगी। शारदा नदी के रास्ते से वाहनों का आवागमन बंद होने से अब रास्ता सही होने तक शारदा पार के गांवों के लोगों को आवागमन करने में 30 की जगह 130 किलोमीटर की दूरी तय करनी होगी। पूरनपुर से खुटार, मैलानी, संपूर्णानगर, पलिया होकर आवागमन करना होगा। संवाद