पीलीभीत। कारोबार में हिस्सा देने का वादा कर बदायूं के परिचित ने युवक से 54.80 लाख रुपये हड़प लिए। रुपये वापस न मिलने पर पीड़ित ने पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने बुधवार को महिला सहित चार लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की है।
सुनगढ़ी थाना क्षेत्र के गौहनिया मार्ग निवासी संतोष कुमार पांडे ने सुनगढ़ी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। इसमें बताया कि वह अखंड भारत मार्केटिंग प्राइवेट लिमिटेड बदायूं के मुख्य प्रबंधक पुष्पेंद्र मौर्य और अन्य प्रबंधक नीलम रानी, सत्य प्रकाश मौर्य, बदायूं के कादरचौक के गांव निजामाबाद निवासी बृजपाल मौर्य से परिचित थे। उनका आरोपियों के घर आना-जाना था। बार-बार कहने पर उसने अलग-अलग तारीखों पर चार खातों में 54 लाख 80 हजार रुपये कंपनी में जमा किए। इसके एवज में चारों लोगों ने कारोबार में होने वाले लाभ का हिस्सा देने का वादा किया था।
उन लोगों ने वर्ष 2024 से अब तक तीन लाख 84 हजार रुपये का लाभांश दिया। जब उसने इसके बाद का लाभांश मांगा तो आरोपियों ने मना कर दिया। उसके रुपये भी वापस नहीं किए। रुपये वापस मांगने पर आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए धमकी दी। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर सभी आरोपियों पर रिपोर्ट दर्ज की है। प्रभारी निरीक्षक सुनगढ़ी नरेश त्यागी ने बताया कि मामले की विवेचना की जा रही है। संवाद