पंचायत चुनाव के दूसरे चरण का मतदान मंगलवार (आज) होगा। इसके लिए सोमवार को सभी पोलिंग बूथों पर मतदान कर्मियों को चुनाव सामग्री लेकर भेज दिया गया। दोपहर तक पीलीभीत मंडी और अमरिया के राजकीय इंटर कॉलेज से पोलिंग पार्टियों के जाने क्रम जारी रहा।
चुनाव के दूसरे चरण में अमरिया और ललौरीखेड़ा ब्लाक क्षेत्र में मतदान होना है। इसमें जिला पंचायत की सात और बीडीसी के क्रमश: ललौरीखेड़ा में 80 व अमरिया में 121 पदों के लिए चुनाव होगा। सोमवार ललौरीखेड़ा ब्लाक के लिए पीलीभीत मंडी समिति और अमरिया ब्लाक क्षेत्र के लिए अमरिया राजकीय इंटर कॉलेज से पोलिंग पार्टियों को रवाना किया गया। चुनाव ड्यूटी में लगे मतदानकर्मी अपनी पोलिंग पार्टी के सदस्यों को साथ लेकर अपने बूथों से संबंधित काउंटर पर पहुंचे और चुनाव सामग्री प्राप्त की। चुनाव सामग्री मिलने पर उसका मिलान कर मतदान कर्मी वाहनों से क्षेत्र में रवाना हुए। इस दौरान चुनाव प्रेक्षक प्रमोद कुमार उपाध्याय, डीएम मासूम अली सरवर ने भी मंडी पहुंचकर पोलिंग पार्टियों की रवानगी की व्यवस्थाएं देखीं।
बच्चों को लेकर ड्यूटी करने पहुंची महिलाएं
दूसरे चरण के मतदान के लिए भी बड़ी संख्या में महिलाओं की ड्यूटी लगाई गई है। सोमवार को महिलाएं भी चुनाव ड्यूटी के लिए मंडी पहुंची। इसमें कुछ महिलाओं के साथ छोटे बच्चे भी थे। ऐसी महिलाओं के साथ उनके पति अथवा घर का कोई सदस्य भी थे।
चुनाव को बनाए 380 बूथ
ललौरीखेड़ा और अमरिया ब्लाक क्षेत्रों मंगलवार को होने वाले मतदान के लिए 380 बूथ बनाए गए हैं। इसमें ललौरीखेड़ा में 153 व अमरिया में 227 बूथ हैं।
जिपं के 111 और बीडीसी के 1044 प्रत्याशी मैदान में
दूसरे चरण के चुनाव में मंगलवार को जिला पंचायत की सात सीटों के लिए 111 और बीडीसी के ललौरीखेड़ा में 80 पदों के लिए 454 और अमरिया के 123 पदों के लिए 590 प्रत्याशी मैदान में हैं।