पीलीभीत। ग्राम पंचायत निधि में अवशेष धनराशि से अब स्कूल, आंगनबाड़ी व पंचायत घरों में कार्य कराए जाएंगे। ताकि इनका बेहतर तरीके से संचालन किया जा सके। डीएम स्तर से डीपीआरओ को आदेश जारी कर इनमें सुधारात्मक कार्रवाई के निर्देश जारी किए गए हैं।
अब ग्राम पंचायत निधि में अवशेष धनराशि से अन्य कार्य नहीं कराए जाएंगे। इसको लेकर डीएम ज्ञानेंद्र सिंह ने डीपीआरओ रोहित भारती को पत्र जारी किया है। डीएम के ओर से भेजे गए पत्र में कहा गया कि ग्राम पंचायत का कार्यकाल पूरा होने को है। ऐसे में पंचायत निधि के खातों में अवशेष धनराशि का प्रयोग शासन की प्राथमिकता वाले कार्याें में लगाया जाएगा।
इसमें सरकारी स्कूल, आंगनबाड़ी केंद्र, पंचायत घर में रंगाई-पुताई, मरम्मत कार्य, बिजली प्रबंधन, इंटरनेट की व्यवस्था आदि 14 कार्याें को कराया जाना है। इन जगहों से मिलनेे वाली सरकारी योजनाओं का क्रियान्वयन सही तरीके से कराया जा सके। डीएम के ओर से जारी पत्र के बाद डीपीआरओ ने भी सभी पंचायत सचिवों के लिए निर्देश जारी किए हैं। अब अवशेष धनराशि का प्रयोग इन मदों में ही किया जा सकेगा। डीपीआरओ रोहित भारती ने बताया कि डीएम स्तर से आदेश जारी हुआ है। इसको लेकर अधीनस्थों को निर्देश जारी कर दिए गए है। जल्द ही इसके आधार पर ही ग्राम पंचायतों में कार्य शुरू करा दिया जाएगा।