कलीनगर। डीएम संजय कुमार सिंह ने बृहस्पतिवार को तहसील क्षेत्र के सीमावर्ती क्षेत्र में सनेडी तटबंध और मार्जिनल बांध पर कराए जा रहे बाढ़ बचाव कार्य का निरीक्षण किया।
सिंचाई विभाग के अभियंताओं से जानकारी जुटाई और बचाव कार्यों को गुणवत्ता के साथ समय से पूरा करने के निर्देश दिए।
शारदा नदी ने पिछले साल कलीनगर क्षेत्र के गभिया सहराई, नौजल्हा क्षेत्र में काफी नुकसान पहुंचाया था। बाढ़ से सनेडी तटबंध के भीतरी भाग में बाढ़ नियंत्रण योजनाओं के अलावा मार्जिनल बांध को भी नुकसान पहुंचा था। बरसात के बाद सिंचाई विभाग की ओर से बचाव कार्य कराने के लिए प्रस्ताव बनाकर शासन को भेजा गया था।
शासन की मंजूरी मिलने के बाद बचाव कार्य शुरू कराए गए थे। बृहस्पतिवार को डीएम संजय कुमार सिंह बचाव कार्यों की स्थिति परखने के लिए क्षेत्र में पहुंचे।
डीएम ने गभिया सहराई क्षेत्र में शारदा नदी के दाएं किनारे पर सनेडी तटबंध और मार्जिनल बांध के पिचिंग कार्य, जियो बैग और ठोकरों की मरम्मत की स्थिति परखी।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने प्रोजेक्ट में स्वीकृत किए गए कार्यों के संबंध में जानकारी ली। चल रहे कार्यों को देखा एवं गुणवत्ता परखी।
जियो बैग व परक्यूपाइन का कार्य कराने की जानकारी दी गई। डीएम ने शेष बचे कार्यों को गुणवत्ता के साथ समय से पूरा करने के निर्देश दिए।
इस दौरान डीएम ने स्पर के निकट पहुंचकर कराए जा रहे कार्यों का भी निरीक्षण किया। मार्जिनल बांध पर 59.88 लाख की लागत से बचाव कार्य कराए जा रहे हैं। इस दौरान शारदा सागर खंड के अधिशासी अभियंता बृजेश पोरवाल, बाढ़खंड के अधिशासी अभियंता द्वितीय अवध राम आदि मौजूद रहे।