पीलीभीत। गैर अनुदानित विद्यालयों को छोड़कर समस्त विद्यालयों में नवीन विद्यालय प्रबंध समितियों के गठन की प्रक्रिया तेज हो गई है। डीएम ने पत्र जारी कर दो दिन में समितियों के गठन का निर्देश दिया है। वर्तमान में कार्य कर रही प्रबंध समितियों का कार्यकाल 30 नवंबर को समाप्त हो रहा है।
निशुल्क और अनिवार्य बाल शिक्षा का अधिकार अधिनियम के तहत जिले के 1499 परिषदीय विद्यालयों के अलावा गैर अनुदानित को छोड़कर समस्त विद्यालयों में नवीन विद्यालय प्रबंध समिति का गठन किया जाना है। इसके लिए शासन की और से निर्देश भी जारी किए जा चुके हैं।
बीएसए की ओर से खंड विकास अधिकारी और खंड शिक्षा अधिकारियों को पत्र लिखकर इस पर अमल करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ ही ब्लॉक क्षेत्र में समितियों के गठन के लिए तिथि भी निर्धारित की गई है।
अब इस मामले में डीएम संजय कुमार सिंह की ओर से भी आदेश जारी किया गया है। डीएम की ओर से जारी पत्र में कहा गया कि 29 और 30 नवंबर दो दिनों में सभी ब्लॉकों के स्कूलों में नवीन प्रबंध समितियों का गठन किया जाए। किस दिन कौन से ब्लॉक क्षेत्र में समिति गठित हो, इसकी जानकारी भी दी गई है।