पीलीभीत। लगातार मिल रहीं शिकायतों और विभागीय कार्य में लापरवाही बरतने के मामले में अमरिया के बड़े पुरा स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय राजकीय मॉडल इंटर कॉलेज के प्रभारी प्रधानाचार्य सुखवेंदर कुमार पर विभागीय कार्रवाई की गई।
डीआईओएस राजीव कुमार ने बताया कि प्रभारी प्रधानाचार्य को लेकर कॉलेज के स्टाफ की ओर से लगातार शिकायती पत्र मिल रहे थे। इसके अलावा पूर्व में विद्यालय में पढ़ने वाले दो छात्र-छात्राओं से अधिक फीस वसूले जाने की भी डीएम से शिकायत की गई थी। इसके साथ ही गर्मियों में आयोजित समर कैंप से संबंधित बिल वाउचर की भी मांग की जा रही थी, लेकिन प्रभारी प्रधानाचार्य द्वारा लगातार निर्देशों की अवहेलना की जा रही थी। इसको लेकर अग्रिम आदेश तक प्रभारी प्रधानाचार्य सुखवेंदर कुमार को पद से हटाया गया है। उनके स्थान पर प्रभारी प्रधानाचार्य के पद का प्रभार कॉलेज के प्रवक्ता सुशील कुमार मिश्रा को साैंपा गया है। संवाद