बीएस कार्यालय में लिपिकों के घेराव के बाद लेखाधिकारी को हार्टअटैक पड़ने
के मामले में दी गई तहरीर पर पुलिस ने अभी रिपोर्ट दर्ज नहीं की है।
गुरुवार को सीओ सिटी और सदर कोतवाल जांच को बीएसए कार्यालय पहुंचे लेकिन
बीएसए के न मिलने पर लौट गए।
बुधवार की शाम बीएसए कार्यालय अपनी मांगों
को लेकर लेखाधिकारी से मिलने गए लिपिकों ने घेराव कर नारेबाजी की थी।
लेखाधिकारी का कहना है कि इस दौरान उन्हें हार्ट अटैक पड़ गया। इसकी सूचना
मिलने पर बीएसए अंबरीश यादव ने जिला अस्पताल पहुंचकर उनका हाल जाना था।
शाम को लेखाधिकारी ने लिपिकों के खिलाफ तहरीर सदर कोतवाली को दी थी। इस पर
सुबह सीओ सिटी कौशलेंद्र सिंह पुंडीर सदर कोतवाल अतुल प्रधान के साथ बीएसए
कार्यालय पहुंचे। बीएसए के न मिलने पर उन्होंने मौजूद स्टाफ से जानकारी
ली। इसके बाद जिला अस्पताल पहुंचकर लेखाधिकारी से भी बातचीत की। सीओ सिटी
ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। बीएसए से जानकारी लेने के बाद आगे
की कार्रवाई की जाएगी।