एसपी ने रजिस्ट्री कार्यालय से तलब किए फोटो
- फोटो : एसपी ने रजिस्ट्री कार्यालय से तलब किए फोटो
जमीन मालिक के स्थान पर दूसरे को खड़ा कर फर्जी बैनामा कराने की बढ़ती वारदातों को देखते हुए एसपी कलानिधि नैथानी ने सख्त रूख अपनाया है। ऐसा करने वालों पर शिकंजा कसने के लिए रजिस्ट्री कार्यालय से फोटो अभिलेख तलब किए गए है। जिनका मिलान कर चिन्हीकरण कराया जा रहा है। एक मामला अफसरों के सामने उजागर हो गया है। जिसमें कानूनी कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी गई है।
जमीन से जुड़े अधिकांश मामलों में पुलिस अधिकारियों के दफ्तरों में खड़े फरियादियों से शिकायत मिलती है कि उनकी जमीन का फर्जी तरीके से बैनामा करा दिया गया। जमीन के मालिक के बिना जाए उसके नाम से रजिस्ट्री भी कर दी गई। जिससे कही न कहीं सरकारी दफ्तरों के कर्मचारियों की कार्यशैली पर भी सवाल खड़े हो जाते है। बढ़ती शिकायतों को लेकर एसपी ने जमीन से जुड़े ऐसे मामलों की रोकथाम करने के लिए अनूठा तरीका अपनाया है। एसपी कलानिधि नैथानी ने बताया कि जमीन मालिक की जगह दूसरे को खड़ा कर उसके नाम से बैनामा करा लिया जाता है। ऐसे लोगों को चिन्हित किया जा रहा है। रजिस्ट्री कार्यालय से वहां बैनामा कराने को पहुंचने वाले लोगों के फोटो तलब किए गए हैं। इनकी जांच कराई जा रही है। एक मामला सामने आ चुका है, जिसमें धोखाधड़ी की गई है। आरोप के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराकर गिरफ्तारी कराई जाएगी। इसके अलावा ऐसे लोगों पर गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई होगी।