पुलिस आरक्षी भर्ती परीक्षा देकर केंद्रों से बाहर निकलते अभ्यर्थी। संवाद
- फोटो : Archive
पीलीभीत। पुलिस आरक्षी भर्ती परीक्षा के अंतिम दिन बुधवार को परीक्षा देकर बाहर निकले अधिकांश अभ्यर्थियों के चेहरे पर संतोष नजर आया। अभ्यर्थियों ने प्रश्नपत्र को अपेक्षाकृत आसान बताते हुए कहा कि उनकी तैयारी के अनुरूप सवाल पूछे गए। इससे उन्हें बेहतर प्रदर्शन और सफलता की उम्मीद है। जिले के छह केंद्रों पर दो पालियों में आयोजित परीक्षा में 3658 अभ्यर्थी शामिल हुए, जबकि 950 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे।
जिले में आठ जून से चल रही पुलिस आरक्षी भर्ती परीक्षा बुधवार को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गई। अंतिम दिन शहर के छह परीक्षा केंद्रों पर दो पालियों में परीक्षा आयोजित की गई। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था और सघन जांच के बाद अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्रों में प्रवेश दिया गया। पहली पाली में सुबह 10 बजे से शुरू हुई परीक्षा में 2304 में से 1813 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी, जबकि 491 अनुपस्थित रहे। दूसरी पाली में तीन बजे से 1845 अभ्यर्थी उपस्थित हुए और 459 अभ्यर्थी गैरहाजिर रहे।
परीक्षा समाप्त होने के बाद बाहर निकले अभ्यर्थियों ने बताया कि प्रश्नपत्र अपेक्षा के अनुरूप रहा और अधिकांश प्रश्न पाठ्यक्रम से जुड़े हुए थे। कई अभ्यर्थियों ने कहा कि सामान्य ज्ञान, गणित और रीजनिंग के प्रश्न संतुलित थे। इससे उन्हें प्रश्नों को हल करने में अधिक कठिनाई नहीं हुई। उनका मानना है कि मेहनत का अच्छा परिणाम मिलेगा। परीक्षा की निगरानी के लिए सभी केंद्रों पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे।
एएसपी विक्रम दहिया और सीओ सिटी दीपक चतुर्वेदी ने परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। परीक्षा समाप्त होने के बाद बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों के एक साथ निकलने से कुछ स्थानों पर यातायात का दबाव बढ़ गया। हालांकि पुलिस ने स्थिति को जल्द सामान्य कर लिया। संवाद