नकटादाना उपकेंद्र से घंटों बिजली सप्लाई रही ठप
अन्य इलाकों में भी दिनभर आती जाती रही बिजली
बेपटरी बिजली व्यवस्था में सुधार भले ही न हो, लेकिन आए दिन कटौती का नया कारण विभाग के पास मौजूद है। शनिवार को भी लोगों के सामने दिनभर बिजली की समस्या ज्यों की त्यों बनी रही। नकटादाना उपकेंद्र पर पैनल में आग लगने पर छह फीडरों की सप्लाई घंटों बंद रही। इसके अलावा अन्य स्थानों पर भी बिजली के हालात नहीं सुधर सके। शहरवासी परेशान होकर पूरे दिन बिजली का इंतजार करते रहे।
शुक्रवार रात को वैसे की उमस भरी गर्मी से लोग पहले ही परेशान थे। बिजली की आंख मिचौली के बीच किसी तरह लोगों ने रात बिताई। सुबह बारिश आने के बाद लोगों को मौसम से तो कुछ देर के लिए राहत मिली। लेकिन बूंदाबांदी शुरू होते ही बिजली सप्लाई ठप पड़ गई। करीब दो घंटे बंद रहने के बाद दोपहर बारह बजे सप्लाई शुरू कराई गई। इसके बाद ओवरलोड को लेकर व्यवस्था बिगड़ गई। नकटादाना उपकेंद्र पर लगे पैनल में इससे आग लगने से संचालित हो रहे छह फीडर ठप पड़ गए। जिससे नकटादाना, निरंजनकुंज, आवास विकास, साहूकारा, खकरा, भूरे खां, पुलिस लाइन समेत तमाम इलाकों की बत्ती गुल हो गई। विभागीय अफसरों ने इसके सुधार के लिए टीम को लगाया। करीब तीन घंटे बाद सप्लाई सुचारू की जा सकी। हालांकि इसके बाद भी बिजली आती जाती रही। जिससे लोगों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ा। इसके अलावा अशोक नगर कालोनी, सुनगढ़ी, नई बस्ती, काला मंदिर, गोपाल सिंह, बाग गुलशेर खां आदि इलाकों में भी लोग अघोषित कटौती को लेकर परेशान दिखाई दिए।
बिजली कटौती से गुस्साए
लोगों ने दी चेतावनी
बिलसंडा। शेड्यूल के मुताबिक सप्लाई न मिलने से नाराज कस्बे के उपभोक्ताओं ने बिजली विभाग के खिलाफ नाराजगी जाहिर की है। लोगों का कहना है कि बिजली की अघोषित कटौती को लेकर पूर्व में कई बार अधिकारियों से शिकायत की गई। इसके बावजूद कोई समाधान नहीं हुआ है। व्यापार से लेकर घरेलू जीवन सभी अस्त व्यस्त हो गया है। ऐसे में बिजली विभाग के अफसरों से समस्या का समाधान कराने की मांग की गई है। हालात न सुधरने पर प्रदर्शन करने की चेतावनी दी है। इसके अलावा क्षेत्र के गांव दमूपुरा में 21 मई से बिजली व्यवस्था सुचारू न होने पर भी लोगों में विभाग के प्रति गुस्सा है। बता दें कि यहां आंधी के बाद सात विद्युत पोल टूटकर गिर गए थे, जिनका अभी तक सुधार नहीं कराया गया है।
नकटादाना उपकेंद्र में पैनल में आग लग गई थी। जिससे यहां से संचालित हो रहे छह फीडरों से सप्लाई बाधित रही है। सुधार होते ही विद्युत सप्लाई सुचारू करा दी गई है।
दीपक नेगी, एसडीओ टाउन