जिले को अमरिया के रूप में नई तहसील का तोहफा मिला है। बृहस्पतिवार को इसकी अधिसूचना जारी होने पर क्षेत्र के लोगों में खुशी है। हालांकि कलीनगर को तहसील बनाने के प्रस्ताव पर असमंजस बना हुआ है। जिले की तीन तहसीलों को विभाजित कर अमरिया और कलीनगर को नई तहसील बनाने का प्रस्ताव शासन में करीब एक साल से लंबित है। कुछ माह पूर्व कैबिनेट की बैठक में दोनों तहसीलों के सृजन की स्वीकृति प्रदान की गई थी। इससे दोनों तहसीलों के बनने का रास्ता साफ हो गया था। उम्मीद की जा रही थी कि चुनाव की अधिसूचना जारी होने से पहले दोनों तहसीलें बनाने का आदेश जारी हो जाएगा। राज्यपाल राम नाईक ने कैबिनेट के प्रस्ताव पर अमरिया तहसील के सृजन को मंजूरी दे दी है। इसके बाद प्रमुख सचिव अरविंद कुमार ने इसकी अधिसूचना जारी कर दी। अधिसूचना के अनुसार सदर तहसील को विभाजित कर बनाई गई अमरिया तहसील में 201 राजस्व गांव रहेंगे। तहसील मुख्यालय अमरिया कस्बे में बनेगा। अमरिया तहसील की अधिसूचना जारी होने का पता चलने पर क्षेत्रवासियों ने आतिशबाजी छोड़कर खुशी मनाई। डीएम मासूम अली सरवर ने बताया कि अमरिया तहसील की अधिसूचना जारी हो गई है। जल्द इस पर काम शुरू कराया जाएगा।
पूरा हुआ एक और अहम वादा
चुनाव के बाद ही मतदाताओं से अमरिया तहसील बनवाने का वादा किया था। इसके लिए कई बार मुख्यमंत्री से भेंट भी की। काफी प्रयासों के बाद मेहनत रंग लाई है। अमरिया तहसील बनने से लोगों को काफी सहूलियत मिलेगी और विकास में तेजी आएगी।
हाजी रियाज अहमद, कैबिनेट मंत्री
कलीनगर अधिसूचना जल्द जारी होगी
दोनों तहसीलों को कैबिनेट से एक साथ मंजूरी मिली थी। कलीनगर की अधिसूचना क्यों जारी नहीं हुई अभी यह बताना मुश्किल है? लखनऊ जा रहा हूं। कलीनगर की अधिसूचना भी जल्द जारी होगी।
पीतमराम, सपा विधायक