सेहरामऊ क्षेत्र के गांव गोरा में विरोध प्रदर्शन करते ग्रामीण। स्रोत- स्वयं
पूरनपुर। सेहरामऊ थाना क्षेत्र के गोरा गांव के एक मोहल्ले में पिछले तीन दिनों से बिजली आपूर्ति ठप होने से लोग गर्मी से बेहाल हैं। लगातार बिजली गुल रहने के कारण आधा गांव अंधेरे में डूबा हुआ है। इससे ग्रामीणों में रोष है। बिजली आपूर्ति की सही ढंग से व्यवस्था नहीं होने के विरोध में ग्रामीणों ने नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया।
मंगलवार को एकत्र हुए ग्रामीणों ने बिजली ठप होने के विरोध में नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। ग्रामीणों का आरोप है कि अधिकारियों को कई बार सूचना देने के बावजूद अब तक समस्या का समाधान नहीं किया गया है। बिजली ठप होने से घरेलू कामकाज भी प्रभावित हो रहा है। पानी की मोटरें बंद हैं, जिससे पेयजल संकट भी गहराने लगा है। रात के समय अंधेरा होने से सुरक्षा को लेकर लोग सशंकित रहते हैं। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो वे बड़ा आंदोलन करने को मजबूर होंगे।