पूरनपुर। बदमाशों ने अलग-अलग स्थानों पर महिलाओं से सोने के कुंडल लूटने की दो घटनाओं को अंजाम दिया। पुलिस ने सिर्फ एक मामले में कुंडल लूट की रिपोर्ट दर्ज की है। पुलिस दूसरी घटना की जानकारी न मिलने की बात कह रही है।
वृद्धा से कुंडल लूट की घटना गांव में हुई। गांव सुखदासपुर निवासी सुमेर सिंह की पत्नी लक्ष्मी देवी (65) सोमवार को सुबह करीब नौ बजे गांव परिषदीय स्कूल में अपने पौत्र-पौत्री को छोड़कर पैदल घर लौट रही थीं। कलीनगर मार्ग पर बाइक सवार दो बदमाशों ने उनके कानों से सोने के कुंडल लूट लिए। वृद्धा के शोर मचाने पर गांव के लोग एकत्र हुए। इससे पहले बदमाश भाग गए। दूसरी घटना मैंगलगंज हाईवे पर सोमवार की दोपहर बाद करीब तीन बजे हुई।
गांव अभयपुर निवासी जोगेंद्र सिंह अपनी पत्नी मंजीत कौर और पुत्र हरनेक सिंह के साथ बाइक से गांव जा रहे थे। हाईवे पर गांव गजरौला जप्ती के समीप पीछे से पहुंचे बाइक सवार दो बदमाशों ने झपट्टा मारकर मंजीत कौर के कान से कुंडल लूट लिया। बाइक से बंडा की ओर भाग गए। शोर-शराबा पर राहगीरों ने बाइकों से बदमाशों का पीछा किया, लेकिन वे हत्थे नहीं चढ़े। कोतवाल पवन कुमार पांडेय ने बताया कि लक्ष्मी देवी से कुंडल छिनैती की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज करा दी गई है। दूसरी लूट की घटना की सूचना शाम तक नहीं मिली है।