जहानाबाद/पीलीभीत। बाइक सवार दो बदमाशों ने शनिवार की शाम गांव भानडांडी स्थिति पेट्रोल पंप पर दो सेल्समैन को घायल कर 82000 रुपये लूट लिए। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जिनमें से एक हालत गंभीर है। घटना की सूचना पर एएसपी समेत अन्य पुलिस अधिकारी फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। बदमाश अभी पुलिस की पकड़ से बाहर हैं।
जहानाबाद थाना क्षेत्र के गांव भानडांडी में इंशा किसान सेवा केंद्र के नाम से इंडियन ऑयल का पेट्रोल पंप है। यहां गांव बिंदुआ निवासी सुरेश कुमार सेल्समैन है। शाम साढ़े पांच बजे दो बाइक सवार बदमाश अपनी अपाचे बाइक पेट्रोल पंप के बाहर सड़क पर खड़ी कर बोतल में पेट्रोल लेने आए थे। उन्होंने बोतल में 50 रुपये का पेट्रोल मांगा। पेट्रोल लेने के बाद सौ रुपये का नोट दिया।
इस पर सेल्समैन अपने बैग से 50 रुपये निकाल कर वापस करने लगा। इसी दौरान एक बदमाश ने सेल्समैन पर तमंचे की बट से सिर पर प्रहार कर दिया। सेल्समैन जमीन पर गिर गया। उसे बचाने के लिए दूसरा सेल्समैन अनिल कुमार दौड़ा तो दूसरे बदमाश ने उस पर चाकू से वार किया। इससे वह भी घायल हो गया। मौका देखकर बदमाश दोनों सेल्समैन के रुपयों से भरा बैग लूट कर भाग गए।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को जहानाबाद स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। हालत गंभीर होने पर दोनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। घटना की सूचना मिलते ही एसपी डॉ. पवित्र मोहन त्रिपाठी, सीओ सिटी सुनील दत्त और एसओजी टीम ने मौके पर पहुंचकर जानकारी जुटाई।