पूरनपुर। असम हाईवे स्थित सुड़कुआ ताल की जमीन पर कब्जे की मिल रही शिकायत पर मंगलवार से पैमाइश शुरू कर दी गई। तहसीलदार की देखरेख में हो रही पैमाइश में दो नायब तहसीलदार, एक राजस्व निरीक्षक और दो लेखपालों को लगाया गया है।
असम हाईवे पर रोडवेज बस स्टैंड के समीप सुड़कुआ ताल है। सुड़कुआ ताल के सुंदरीकरण को लेकर लाखों रुपये ठिकाने लगाए जा चुके है। आधे नगर का पानी नालों से होकर इसी तालाब में गिरता है। सुड़कुआ ताल के आसपास कुछ दिनों से कॉलोनाइजरों और अन्य लोगों ने निर्माण कार्य शुरू किया। ऐसे में जमीन पर कब्जा को लेकर एसडीएम, तहसीलदार से शिकायत की गई।
तहसीलदार वीरेंद्र कुमार ने बताया कि कब्जे की भी आशंका को लेकर सुड़कुआ ताल की पैमाइश शुरू कराई गई है। पैमाइश के लिए गठित की गई टीम में नायब तहसीलदार ऋषि दीक्षित, अभिषेक त्रिपाठी के अलावा दो लेखपाल और एक राजस्व निरीक्षक को शामिल किया गया है।
तहसीलदार ने बताया कि तीन-चार दिन में पैमाइश पूरी होने की उम्मीद है। कब्जा मिलने पर कब्जेदारों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई कराई जाएगी।