पीलीभीत। दहेज में बाइक और एक लाख रुपये न मिलने को लेकर ससुरालियों ने विवाहिता को पीटकर घर से निकाल दिया। एसपी के आदेश पर आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
जहानाबाद क्षेत्र के पंसोली गांव निवासी शाहीन ने एसपी को दिए प्रार्थनापत्र में बताया कि उसकी शादी 20 मार्च 2020 को बरेली के नबावगंज थाना क्षेत्र के जयनगर गांव निवासी फारूख से हुई थी। शादी में मिले दहेज से उसके ससुराल के लोग संतुष्ट नहीं थे। दहेज में बाइक और एक लाख रुपये नकद की मांग को लेकर पति के अलावा जलाउद्दीन, शाहरूख, साविरी, शाहीन व भोजीपुरा निवासी जाफरी, तसलीम उसे प्रताड़ित करने लगे।
23 अक्तूबर 2024 को ससुरालियों ने उसे पीटकर घर से निकाल दिया। आरोप है कि ससुरालियों ने उसके मायके में आकर भी मारपीट की। तहरीर देने पर जहानाबाद पुलिस ने मामले में समझौता करा दिया। परामर्श केंद्र में मामला चला और समझौता होने के बाद पति उसे विदा कर घर ले गया।
आरोप है कि कुछ ही दिन बाद ससुराली फिर मारपीट करने लगे और उसे घर से निकाल दिया। थाना प्रभारी मनोज मिश्रा ने बताया की तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।