शहर के कोतवाली मार्ग पर लगी एक दुकान पर खजला और सैमई खरीदते लोग।संवाद
पीलीभीत। अल्लाह की खास रहमतों का माह मुकद्दस रमजान रविवार से शुरू हो रहा है। रोजा रखने वाले लोगों ने सहरी और इफ्तार की तैयारी पूरी कर ली हैं। रमजान को लेकर बाजार भी गुलजार हो गया है। शनिवार को शहर की मस्जिदों में तरावीह भी शुरू हो गई।
रमजान शरीफ को अल्लाह की इबादत का खास माह कहा जाता है। उलेमा के मुताबिक इस माह में हर इबादत का सवाब 70 गुना बढ़ जाता है।
लोगों के लिए यह माह अल्लाह की खास रहमत लेकर आता है। लोग अपने गुनाहों से तौबा करते हैं और रोजा रखकर पांच वक्त की नमाज अदा करते हैं।
इशा की नमाज के बाद तमाम मस्जिदों में तरावीह अदा की जाती हैं। तरावीह में कुरआन पाक की तिलावत होती है।
रमजान शरीफ में नमाजियों की तादात काफी बढ़ जाती है, इसके मद्देनजर तमाम मस्जिदों में शनिवार को नमाजियों के लिए पानी और सफों समेत कई व्यवस्थाएं पूरी कर ली गईं।
रोजा रखने वाले लोगों ने सहरी के लिए खजला, फेनी, रमजानी ब्रेड आदि की जमकर खरीदारी की। इफ्तार के लिए लोगों ने खजूर और फल खरीदे।
रमजान को देखते हुए फलों की बिक्री में काफी तेजी देखी गई। शहर के बेलो वाले चौराहे, कमल्ले चौराहा, जामा मस्जिद आदि जगहों पर सजी दुकानों पर दिनभर लोग खरीदारी करते नजर आए।
शहर के कोतवाली मार्ग पर लगी एक दुकान पर खजला और सैमई खरीदते लोग।संवाद