मझोला। कस्बे में पीलीभीत-टनकपुर हाईवे पर शनिवार शाम दो बाइकों की भिड़ंत में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरी बाइक पर सवार युवक गंभीर घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमाॅर्टम के लिए भेजा है।
मझोला कस्बे में स्टेशन मोड़ के पास हादसा हुआ। बाइकों पर सवार किसी ने भी हेलमेट नहीं लगाया था। हादसे में अमरिया क्षेत्र के भैसा मुडलिया गांव निवासी हरपिंदर (45) पुत्र अमरीक सिंह और दूसरी बाइक पर सवार न्यूरिया क्षेत्र के मरौरी गांव निवासी करन (30) पुत्र तुलाराम गंभीर घायल हो गए।
घायलों को एंबुलेंस से सीएचसी भेजा गया। यहां चिकित्सकों ने हरपिंदर को मृत घोषित कर दिया। करन को गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर किया गया।
अलग-अलग हादसों में घायल दो ने उपचार के दौरान दम तोड़ा
पूरनपुर। हादसे में घायल दो लोगों की उपचार के दौरान मौत हो गई। एक हादसे में घायल कंबाइन स्वामी मोहल्ला साहूकारा लाइनपार निवासी धर्मेंद्र (50) की इलाज के दौरान बरेली में शुक्रवार शाम जान चली गई। शनिवार को शव का अंतिम संस्कार किया गया।
वहीं, एक अन्य हादसे में घायल गांव जटपुरा निवासी त्रिभुवन सिंह की इलाज के दौरान मौत के मामले में पुलिस ने उनके पुत्र विकास की ओर से दूसरे बाइक चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। शिकायतकर्ता विकास सिंह ने बताया कि उसके पिता बाइक से जंगल की ओर से घर आ रहे थे। पीछे से आए बाइक सवार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी थी। हादसा में घायल उसके पिता को सीएचसी से जिला अस्पताल रेफर किया गया था। लखनऊ में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। संवाद