पीलीभीत। सड़क हादसों पर अंकुश लगाने के लिए परिवहन विभाग की ओर से अब हादसों के लिए जिम्मेदार वाहन चालकों पर कार्रवाई की तैयारी की जा रही है। हादसे की जांच में प्रथम दृष्टया चालक की गलती सामने आने पर उसका ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित किया जाएगा। इसको लेकर विभागीय स्तर पर कवायद तेज कर दी गई है।
जिले में लगातार हो रहे सड़क हादसों को देखते हुए परिवहन विभाग और यातायात पुलिस की ओर से वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने के निर्देश दिए जाते हैं। इसके बावजूद तेज रफ्तार, लापरवाही, गलत दिशा में वाहन चलाने और अन्य यातायात नियमों की अनदेखी के कारण हादसे हो रहे हैं। अब हादसों के मामलों में जिम्मेदारी तय कर दोषी वाहन चालकों के खिलाफ लाइसेंस संबंधी कार्रवाई की जाएगी।
अधिकारियों के मुताबिक, लाइसेंस निलंबन की कार्रवाई से वाहन चालकों में यातायात नियमों के प्रति जिम्मेदारी बढ़ेगी। साथ ही लापरवाही से वाहन चलाने वालों पर प्रभावी अंकुश लगाने में मदद मिलेगी। हादसों में दोषी पाए जाने वाले चालकों का रिकॉर्ड भी विभागीय स्तर पर तैयार किया जाएगा।
एआरटीओ सुशील मिश्रा ने बताया कि सड़क हादसों को रोकने के लिए नियमों का उल्लंघन करने वाले और हादसे के लिए प्रथम दृष्टया दोषी पाए जाने वाले वाहन चालकों के लाइसेंस निलंबित करने की कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए संबंधित मामलों की जानकारी जुटाई जा रही है।