पिकनिक मनाने के दौरान जिला पंचायत सदस्य और वनकर्मियों के बीच हुई मारपीट मामले में वनकर्मियों ने अपने बचाव के साथ-साथ जिला पंचायत सदस्य को घेरने की तैयारी शुरू कर दी है। इसी कड़ी में विभाग ने काटे गए केस की जांच शुरू करते हुए जिपं सदस्य के अलावा दस अन्य लोगों को नामजद किया है। डीएफओ ने घटना की जांच एसडीओ को सौंपी है।
टाइगर रिजर्व की स्थापना की प्रथम वर्षगांठ पर नौ जून को पूरनपुर के जिला पंचायत सदस्य मोहम्मद मियां उर्फ छोटे अपने पौत्र का जन्मदिन बनाने चूका स्पॉट और बराही गेस्ट हाउस गए थे। जहां वनकर्मियों से उनका विवाद व मारपीट हो गई थी। जिसमें दोनों ओर से माधोटांडा थाने में क्रास केस दर्ज कराया गया था। इसके अलावा वन विभाग ने अपने यहां भी जिपं सदस्य के खिलाफ विभागीय केस काटा था।
सदस्य ने इसकी शिकायत उच्चाधिकारियों से कर आरोपी वनकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी। पुलिस में भी दर्ज कराई रिपोर्ट के आधार पर उनकी गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। कार्रवाई का दबाव बढने के साथ ही वनकर्मियों ने भी अपने यहां काटे गए केस में जिला पंचायत सदस्य के अलावा उनके पुत्र दानिश, भतीजे मोईन खां, धरमंगदपुर निवासी चुन्नन खां, पत्नी रिजवाना बेगम, हुमेरा, नेहा एवं तीन अन्य रिश्तेदारों के नाम केस में बढ़ा दिए हैं।
डीएफओ ने घटना के बाद काटे गए विभागीय केस की विवेचना एसडीओ डीपी सिंह को सौंपी है। डीएफओ ने बताया कि घटना के दिन केवल जिला पंचायत सदस्य के नाम ही केस काटा गया था। प्राथमिक जांच में जिन लोगों के नाम सामने आए हैं उनके नाम केस में शामिल किए गए हैं। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।