न्यूरिया हुसैनपुर में छात्रावास के शुभारंभ के दौरान किया गया हवन पूजन। संवाद
न्यूरिया। कई वर्षों से बंद पड़े राजकीय बालिका इंटर कॉलेज के छात्रावास का संचालन शुरू हो गया है। बृहस्पतिवार को डीआईओएस ने हवन-पूजन के बाद फीता काटकर छात्रावास का शुभारंभ किया। नव प्रवेशित 50 छात्राओं का तिलक लगाकर स्वागत किया गया। छात्रावास में 104 छात्राएं रह सकेंगी।
न्यूरिया हुसैनपुर के राजकीय बालिका इंटर कॉलेज का छात्रावास कई सालों से बंद था। छात्राओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। समस्या को देख कॉलेज प्रबंधन के अलावा माध्यमिक शिक्षा विभाग के अफसरों की ओर से छात्रावास के दोबारा संचालन की कवायद तेज की गई। प्रक्रिया पूरी होने के बाद छात्रावास को बेहतर किया गया।
बृहस्पतिवार को छात्रावास का संचालन शुरू कर दिया गया। डीआईओएस राजीव कुमार ने पहुंचकर मां सरस्वती का पूजन व दीप प्रज्ज्वलित किया। नव प्रवेशित 50 छात्राओं का तिलक लगाकर स्वागत किया गया। निशुल्क छात्रावास में कक्षा नौ और 12 की की 104 छात्राएं रुक सकेंगी।
इस मौके पर वार्डन ज्योति वर्मा, प्रधानाचार्य उपासना वर्मा, जिला समन्वयक प्रशांत कुमार, प्रधान विश्वनाथ सरकार, जीआईसी न्यूरिया के प्रधानाध्यापक राजेंद्र सक्सेना, अनुराधा वर्मा आदि मौजूद रहे।