पंचायत चुनाव के प्रथम चरण में लगाए गए मतदान कर्मियों को मंगलवार को दूसरा प्रशिक्षण दिया गया। इसमें कुल 1532 मतदानकर्मियों में से 1450 ने भाग लिया। 82 कर्मी अनुपस्थित रहे। प्रशिक्षण में निष्पक्ष चुनाव कराने के लिए टिप्स दिए गए।
प्रथम चरण का मतदान नौ अक्तूबर को होना है। मरौरी और बरखेड़ा ब्लाक क्षेत्र में होने वाले चुनाव के लिए प्रशासन ने 383 पोलिंग पार्टियों को लगाया है। इसमें 37 पार्टियां रिजर्व में रहेंगी। मंगलवार को इन पोलिंग पार्टियों में तैनात किए गए 1532 मतदान कर्मियों को क्रमश: मरौरी के लिए मंडी समिति और बरखेड़ा के लिए राजकीय इंटर कॉलेज बरखेड़ा में प्रशिक्षण दिया गया। इसमें 40 मतदानकर्मी अनुपस्थित रहे। मंडी समिति में हुए प्रशिक्षण में जिला प्रशिक्षण अधिकारी ने मतदान कर्मियों को सुबह आठ बजे से प्रारंभ होने वाली प्रक्रिया से लेकर मतदान समाप्ति पर मतपेटियों के सील होने तक की प्रक्रिया की जानकारी दी।
कार्मिक प्रभारी डीडीओ एके सिंह चंद्रौल ने भी चुनाव प्रक्रिया में बरती जाने वाली सावधानियां बताईं। उप जिला निर्वाचन अधिकारी एडीएम अजय कांत सैनी ने सभी मतदान कर्मियों से निष्पक्ष होकर चुनाव संपन्न कराने के निर्देश दिए।
बरखेड़ा। राजकीय इंटर कॉलेज में 196 पोलिंग पार्टियों के लिए 784 मतदान कर्मियों को ड्रमंड कॉलेज के प्रधानाचार्य श्यामा कुमार ने प्रशिक्षण दिया। उन्होंने सभी मतदान कर्मियों से कहा कि समय से कार्य प्रारंभ करें और लगातार वोटिंग कराते रहे। ताकि समय से कार्य निपट सकें। मतदान के दौरान आने वाली समस्याओं की जानकारी देकर उनके निराकरण के तरीके भी समझाए। यहां 42 मतदान कर्मी अनुपस्थित रहे। इसकी रिपोर्ट कार्मिक प्रभारी को भेज दी गई है। इस मौके पर डीआईओएस जेके वर्मा, बीएसए अम्बरीश यादव, आरओ संजय यादव, बीडीओ ऋषिपाल सिंह सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।
आज से बनेंगे पोलिंग एजेंट
प्रथम चरण का मतदान नौ अक्तूबर को होना है। इसके लिए प्रत्याशी बुधवार से ही पोलिंग एजेंट बनवा सकते हैं। बरखेड़ा ब्लाक के आरओ संजय यादव ने बताया कि प्रत्याशी अपने बूथों पर एजेंट तैनात करने का बुधवार से अनुमति प्राप्त कर सकते हैं।
प्रशिक्षण में नहीं आए शिक्षामित्रों को आज मिलेगा मौका
दिल्ली में आयोजित रैली में जाने के चलते बड़ी संख्या में शिक्षामित्र प्रथम चरण का दूसरा प्रशिक्षण प्राप्त करने से छूट गए। मंगलवार को हुए प्रशिक्षण में 82 मतदानकर्मी अनुपस्थित पाए गए हैं। इसमें अधिकांश शिक्षामित्र हैं। हालांकि इन अनुपस्थित मतदान कर्मियों पर आयोग के निर्देशानुसार एफआईआर कराई जानी थी लेकिन प्रशासन ने उनको सहूलियत देते हुए प्रशिक्षण का एक और मौका दिया है। मतदान कार्मिक प्रभारी एके सिंह चंद्रौल ने बताया कि जो शिक्षामित्र मतदान का प्रशिक्षण लेने से वंचित रह गए हैं, वह बुधवार को विकास भवन में सुबह 10 बजे पहुंचकर अपनी उपस्थित दर्ज करा सकते हैं। यहां सभी की उपस्थित दर्ज करने के साथ ही प्रशिक्षण भी दे दिया जाएगा। इसमें भी अनुपस्थित रहने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।