पीलीभीत। बीसलपुर क्षेत्र में इस साल डेंगू का पहला मामला सामने आया है। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग सतर्क हो गया है। मरीज बीसलपुर क्षेत्र के चुर्रा सकतपुर गांव के मझरा चौसर पट्टी गांव का रहने वाला 29 वर्षीय युवक है। उसका बरेली के एक निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है। राहत की बात यह है कि मरीज की हालत फिलहाल सामान्य बताई जा रही है।
युवक को पिछले दिनों बुखार आदि लक्षण सामने आए थे। क्षेत्र में उपचार कराने से लाभ न मिलने के बाद परिजन उसे बरेली के निजी अस्पताल लेकर गए। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार मामले की जानकारी मिलते ही इस पर गंभीरता से कार्रवाई शुरू कर दी है। सीएमओ डॉ. आलोक शर्मा ने बताया कि जिले में इस वर्ष का यह डेंगू का यह पहला केस है। मरीज की स्थिति की जानकारी लेने के लिए बरेली के निजी अस्पताल से संपर्क किया गया है। अस्पताल प्रशासन की ओर से मरीज की हालत स्थिर बताई गई है।
सीएमओ ने बताया कि डेंगू संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए ब्लॉक स्तरीय स्वास्थ्य टीमों और मलेरिया विभाग को तत्काल निर्देश जारी कर दिए गए हैं। शनिवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम चौसर पट्टी गांव पहुंचकर व्यापक जांच अभियान चलाएगी। मरीज के परिजनों समेत गांव के लोगों की सैंपलिंग कराई जाएगी, ताकि संक्रमण की स्थिति का समय रहते पता लगाया जा सके।
घरों और आसपास जमा पानी की जांच की जाएगी। मच्छरों के लार्वा नष्ट करने के लिए एंटी लार्वा छिड़काव कराया जाएगा। स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से सफाई रखने, पानी जमा न होने और बुखार आने पर तुरंत जांच कराने की अपील की है। संवाद