पीलीभीत। दोस्तों के साथ घूमने गए बरेली के युवक का शव जहानाबाद क्षेत्र की अप्सरा नदी में 20 मई को उतराता मिला था। पिता की तहरीर पर पुलिस ने एक नामजद और अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जिला बरेली के थाना नवाबगंज के गांव लावाखेड़ा बद्रीप्रसाद के मजरा हुसैनगंज गौटिया निवासी थान सिंह ने बताया कि उनके 18 वर्षीय पुत्र रूपेंद्र को 19 मई को गांव का ही वीरपाल बाइक पर बैठाकर जहानाबाद क्षेत्र के गांव खमरिया पुल ले जाने की बात कहकर दिन में करीब 11 बजे ले गया था। इनके साथ एक अन्य व्यक्ति भी था।
जब उनका पुत्र रात 10 बजे तक वापस नहीं आया, तो उन्होंने वीरपाल से पूछा, लेकिन उसने कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया। 20 मई को शाम करीब पांच बजे उनके पुत्र का शव थाना जहानाबाद क्षेत्र की अप्सरा नदी में उतराता हुआ मिल गया। पिता ने वीरपाल पर हत्या का आरोप लगाते हुए मामले की शिकायत जहानाबाद पुलिस से की।
इंस्पेक्टर मुकेश शुक्ला ने बताया कि वीरपाल के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है।